शराबबंदी कानून के तहत लखीसराय में ताबड़तोड़ कार्यवाई, महिला तस्कर समेत 12 गिरफ्तार

  • Post By Admin on Feb 10 2026
शराबबंदी कानून के तहत लखीसराय में ताबड़तोड़ कार्यवाई, महिला तस्कर समेत 12 गिरफ्तार

लखीसराय : जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्यवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्यवाई मद्यनिषेध थाना लखीसराय के नेतृत्व में की गई, जिसमें 04 लीटर अवैध चुलाई शराब भी जब्त की गई।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, पहली कार्यवाई काल भैरव, थाना अमहरा क्षेत्र में की गई, जहां वार्ड संख्या 15 निवासी उर्मिला देवी, पति अशोक केवट को अवैध रूप से 04 लीटर चुलाई शराब बेचते हुए पकड़ा गया।

वहीं दूसरी कार्यवाई दादीसोर, थाना बन्नूबगीचा क्षेत्र में हुई, जहां शराब पीने के आरोप में विनोद यादव, कुन्दन कुमार और रुपेश कोड़ा को गिरफ्तार किया गया। इसी तरह किउल थाना क्षेत्र के बसमतिया, सिंहरक और इटहरी गांव से लालू कुमार, रवि कुमार और गौतम कुमार को नशे की हालत में पकड़ा गया।

इसके अलावा बड़हिया थाना क्षेत्र में भी कार्यवाई करते हुए कुन्दन मांझी, महेश मांझी, प्यारे मांझी, गौतम कुमार और बिर्जू मांझी को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे अवैध शराब के कारोबार की सूचना पुलिस को दें, ताकि इस सामाजिक बुराई पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।