लखीसराय में संपूर्णता अभियान 2.0 की समीक्षा, सूर्यगढ़ा प्रखंड पर विशेष फोकस

  • Post By Admin on Feb 14 2026
लखीसराय में संपूर्णता अभियान 2.0 की समीक्षा, सूर्यगढ़ा प्रखंड पर विशेष फोकस

लखीसराय: शनिवार को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में संपूर्णता अभियान 2.0 की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी के कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा संचालित आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत चल रहे अभियान की प्रगति और लक्ष्य प्राप्ति पर विस्तार से चर्चा हुई।

नीति आयोग के आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत संपूर्णता अभियान 2.0 का संचालन 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य विकास के मानकों में पिछड़े प्रखंडों में स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना और सामाजिक विकास से जुड़े संकेतकों में सुधार लाना है। देश के 513 प्रखंडों में से बिहार के 27 जिलों के 61 प्रखंडों का चयन किया गया है, जिसमें लखीसराय जिले का सूर्यगढ़ा प्रखंड भी शामिल है। आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत पाँच प्रमुख प्रक्षेत्र निर्धारित हैं: स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं संबंधित क्षेत्र, आधारभूत संरचना तथा सामाजिक विकास। इनसे जुड़े 38 प्रमुख संकेतकों पर कार्य किया जा रहा है। संपूर्णता अभियान 2.0 में बच्चों के पोषण स्तर, आंगनवाड़ी केंद्रों की दक्षता, कार्यात्मक शौचालय एवं पेयजल सुविधा, विद्यालयों में छात्राओं के लिए शौचालय तथा FMD टीकाकरण जैसे संकेतकों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है।

बैठक में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने शिक्षा, स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग को निर्देश दिया कि प्रखंड स्तर पर ऐसे विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों की सूची तैयार की जाए, जहाँ शौचालय और पेयजल सुविधा उपलब्ध नहीं है। साथ ही FMD टीकाकरण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कार्यरत निजी वैक्सीनेटरों की सूची तैयार करने को कहा गया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि अभियान के माध्यम से प्रखंड स्तर पर आधारभूत सुविधाओं और सेवाओं में ठोस सुधार सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे स्थानीय जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

समीक्षा बैठक में जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) वंदना पाण्डेय, अवर योजना पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित संबंधित जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।