मुँगेर प्रमंडल में राजस्व वसूली पर सख्ती, नीलाम पत्र वादों के त्वरित निष्पादन के निर्देश
- Post By Admin on Feb 14 2026
मुँगेर: आयुक्त, मुँगेर प्रमंडल प्रेम सिंह मीणा की अध्यक्षता में नीलाम पत्र वाद एवं राजस्व न्यायालय से संबंधित मामलों की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य लंबित वादों के त्वरित निष्पादन और राजस्व वसूली की प्रक्रिया में तेजी लाना रहा।
मुँगेर प्रमंडल के आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नीलाम पत्र वादों में नोटिस की तामिला सुनिश्चित कराने के लिए प्रत्येक संबंधित कार्यालय दो पुलिस पदाधिकारियों को नामित करे, ताकि नोटिस की समयबद्ध सेवा हो सके और मामलों में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। समीक्षा के दौरान आयुक्त ने अधिक से अधिक कोर्ट संचालित करने पर बल देते हुए कहा कि उच्च राशि और बड़े बकायेदारों से जुड़े वादों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि आवश्यकतानुसार बड़े बकायेदारों के विरुद्ध बॉडी वारंट निर्गत किए जाएं और जरूरत पड़ने पर विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए जेल भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाए, ताकि राजस्व की वसूली सुनिश्चित हो सके।
बैठक में यह भी बताया गया कि देनदार की मृत्यु की स्थिति में विधि अनुसार उसके उत्तराधिकारी से बकाया राशि की वसूली का प्रावधान है। ऐसे मामलों में नियमों के अनुरूप कार्रवाई आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। अपर समाहर्ता-सह-जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी को सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा कर प्रगति की निगरानी करने और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही लंबित वादों की अद्यतन सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। आयुक्त ने कहा कि राजस्व वसूली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें लापरवाही बरतने पर उत्तरदायित्व तय किया जाएगा।
बैठक में अपर समाहर्ता-सह-जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी नीरज कुमार, जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।