स्पर्धा थीम पर सजा जीएनआईओटी परिसर, ड्रोन–रोबो रेस और एलुमनी मीट रहे आकर्षण
- Post By Admin on Feb 14 2026
ग्रेटर नोएडा: जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के रजत जयंती समारोह का द्वितीय दिवस 14 फरवरी 2026 को “स्पर्धा” थीम के साथ उत्साह, प्रतिस्पर्धा और नवाचार के रंग में संपन्न हुआ। दिनभर परिसर खेल, तकनीक, संस्कृति और पूर्व छात्र सहभागिता से सराबोर रहा।
जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में आयोजित कार्यक्रमों की शुरुआत प्रभावशाली मार्च पास्ट से हुई, जिसमें समूह के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने अनुशासन और एकता का परिचय दिया। समारोह के दौरान के.एल. जी. रजत जयंती बोटेनिकल गार्डन का भव्य उद्घाटन किया गया। वर्ल्ड पुलिस गेम्स (कुश्ती) की स्वर्ण पदक विजेता बबीता नागर और यूथ फ्रंट, उत्तर प्रदेश (पश्चिम) के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुखविंदर सोम ने प्रबंधन एवं शिक्षकों के साथ पार्क का लोकार्पण किया। अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का संदेश दिया। स्पर्धा गेम्स के अंतर्गत फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, रस्साकशी, बैडमिंटन और ट्रैक रेस जैसी आउटडोर प्रतियोगिताओं के साथ कैरम और शतरंज जैसी इनडोर स्पर्धाएं आयोजित की गईं। विजेताओं को पदक, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
दिवस का प्रमुख आकर्षण एचआर काउंसिल मीट रहा, जिसमें 250 से अधिक वरिष्ठ एचआर पेशेवरों ने सहभागिता की। बैठक में कौशल विकास, रोजगार योग्यता, इंटर्नशिप और प्लेसमेंट रणनीतियों पर विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम में इंदर साहनी और कवयित्री निधि नरवाल की प्रस्तुतियों ने मनोरंजन और प्रेरणा का संगम प्रस्तुत किया। एलुमनी मीट में देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में कार्यरत 300 से अधिक पूर्व छात्र शामिल हुए। पूर्व छात्रों ने शिक्षकों और साथियों से मिलकर अपने अनुभव साझा किए, जिससे वर्तमान विद्यार्थियों को मार्गदर्शन मिला। इंटर-कॉलेज ड्रोन फ्लाइंग प्रतियोगिता (एरोमेनिया) में 14 टीमों ने भाग लिया। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने प्रथम, आईआईएलएम यूनिवर्सिटी ने द्वितीय और नोएडा इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को ₹51,000 की नगद पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। इंटर-कॉलेज रोबो रेस (रोबो क्रेज) में 16 टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। प्रथम स्थान लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, द्वितीय आईआईएलएम यूनिवर्सिटी और तृतीय केआईईटी यूनिवर्सिटी ने हासिल किया।
एआई डंब शराड्स प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित शब्दों और अवधारणाओं को हाव-भाव के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में जीएनआईओटी इंजीनियरिंग कॉलेज प्रथम, जीएनआईओटी इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज़ द्वितीय और जीआईएमएस तृतीय रहा। जुबिली जैम्बोरी 2026 के अंतर्गत रैंप वॉक, समूह एवं एकल नृत्य, गायन और नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। जॉय जंक्शन में मेहंदी, टैटू आर्ट, फेस पेंटिंग और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नेकी की दीवार पहल के अंतर्गत सामाजिक सरोकार का संदेश दिया गया। अभियान में खाद्य सामग्री, स्वच्छता उत्पाद, स्टेशनरी, कपड़े और पुस्तकें एकत्रित की गईं, जिन्हें जरूरतमंदों तक पहुंचाने की योजना है।
रजत जयंती समारोह का द्वितीय दिवस खेल, तकनीक, संस्कृति और उद्योग-अकादमिक संवाद के संतुलित समन्वय के साथ यादगार बन गया। संस्थान ने भविष्य में भी नवाचार, प्रतिभा संवर्धन और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।