लखीसराय में बैंकर्स समिति की समीक्षा, केसीसी और ऋण योजनाओं में तेजी लाने पर जोर

  • Post By Admin on Feb 18 2026
लखीसराय में बैंकर्स समिति की समीक्षा, केसीसी और ऋण योजनाओं में तेजी लाने पर जोर

लखीसराय: जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में 18 फरवरी 2026 को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (डीएलसीसी/डीएलआरसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वार्षिक ऋण योजना की प्रगति, विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरण की स्थिति तथा बैंकिंग सेवाओं से जुड़े प्रमुख मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान जिले का सीडी रेशियो 44.5 प्रतिशत पाया गया। इस पर जिला पदाधिकारी ने सभी बैंकों को निर्देश दिया कि ऋण वितरण में तेजी लाकर सीडी रेशियो में सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वार्षिक ऋण योजना में 30 प्रतिशत से कम प्रगति करने वाले बैंक अपनी कार्ययोजना तैयार कर लक्ष्य प्राप्ति हेतु ठोस प्रयास करें। जिले में वर्तमान में 21 बैंकों की 93 शाखाएं कार्यरत हैं तथा 47 एटीएम संचालित हैं। बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड योजना की प्रगति पर विशेष बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने बैंकों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक किसानों को केसीसी सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि कृषि कार्यों के लिए उन्हें समय पर वित्तीय सहायता मिल सके। उन्होंने कृषि क्षेत्र में ऋण प्रवाह बढ़ाने को प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताई। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं प्रधानमंत्री रोजगार प्रोत्साहन कार्यक्रम के अंतर्गत लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई। जिला उद्योग केंद्र को निर्देश दिया गया कि बैंक एवं कार्यालय स्तर पर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, जिससे स्वरोजगार से जुड़े आवेदकों को समय पर लाभ मिल सके।

गव्य विकास पदाधिकारी को समग्र विकास योजना एवं देशी गोपालन प्रोत्साहन योजना के तहत लंबित आवेदनों को अगले तिमाही तक निष्पादित कराने का निर्देश दिया गया। वहीं जिला मत्स्य पदाधिकारी को केसीसी के माध्यम से मत्स्य क्षेत्र से जुड़े आवेदनों की संख्या बढ़ाने तथा वार्षिक लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक के दौरान एनपीए की स्थिति पर भी चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन बैंकों में एनपीए का स्तर अधिक है, वे संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि वित्तीय अनुशासन एवं स्वस्थ बैंकिंग व्यवस्था बनाए रखना सभी बैंकों की जिम्मेदारी है। बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समन्वित एवं लक्ष्य उन्मुख कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, एलडीओ आरबीआई सूर्यांश सिंह, डीडीएम नाबार्ड विभोर कुमार, प्रभारी पदाधिकारी बैंकिंग शाखा रवि कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।