लखीसराय में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान तेज, 4.91 लाख से अधिक लोगों ने खाई दवा
- Post By Admin on Feb 18 2026
लखीसराय: जिले में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर चलाए जा रहे सर्वजन दवा सेवन अभियान को सकारात्मक प्रतिसाद मिल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक 4 लाख 91 हजार 152 से अधिक लोगों ने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 46 प्रतिशत है। जिले में कुल 10 लाख 74 हजार 713 लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य तय किया गया है।
जिला सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह ने बताया कि फाइलेरिया एक गंभीर और दीर्घकालिक विकलांगता उत्पन्न करने वाली बीमारी है, जिससे बचाव के लिए समय पर दवा सेवन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए 580 ड्रग टीमों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी टीमों को निर्देशित किया गया है कि वे घर-घर पहुंचकर लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित करें तथा दवा से जुड़े भ्रम और आशंकाओं को दूर करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि दवा पूरी तरह सुरक्षित है और इसका कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं है। जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार ने जानकारी दी कि फाइलेरिया, जिसे आम बोलचाल में हाथी पांव रोग भी कहा जाता है, मादा क्यूलेक्स मच्छर के काटने से फैलता है। यह संक्रमण लिम्फैटिक सिस्टम को प्रभावित करता है, जिसके कारण शरीर के अंगों में असामान्य सूजन, हाइड्रोसील, लिम्फेडेमा और काइलुरिया जैसी जटिल समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि यह रोग व्यक्ति की कार्यक्षमता और आजीविका पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है, इसलिए सामूहिक स्तर पर दवा सेवन बेहद जरूरी है।
स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय सहयोग दें और दवा का सेवन अवश्य करें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों को यह दवा नहीं दी जाएगी। गर्भवती महिलाओं तथा गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर सभी स्वस्थ लोग दवा का सेवन कर सकते हैं। साथ ही, फाइलेरिया रोधी दवा खाली पेट न लेने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति के लिए अभियान की मॉनिटरिंग लगातार की जा रही है, ताकि जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने के उद्देश्य को सफलतापूर्वक हासिल किया जा सके।