भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं पर मंथन, डीएम की अध्यक्षता में अनुश्रवण समिति की बैठक
- Post By Admin on Feb 18 2026
लखीसराय: जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में 18 फरवरी 2026 को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में सेवारत सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के निवारण के लिए जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारजनों से जुड़े मामलों के प्रभावी समाधान हेतु समन्वित पहल सुनिश्चित करना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि बिहार सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक जिले में सैनिक कल्याण बोर्ड के प्रतिनिधियों और भूतपूर्व सैनिकों के साथ नियमित अंतराल पर बैठकें आयोजित की जाती हैं, ताकि उनकी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं प्रशासनिक समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जा सके। उन्होंने बताया कि लखीसराय में आयोजित यह दूसरी बैठक है, जिसमें विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान भूतपूर्व सैनिकों द्वारा प्रस्तुत भूमि संबंधी मामलों पर विशेष चर्चा हुई। कुछ प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों के समाधान में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। जिला पदाधिकारी ने कहा कि भूतपूर्व सैनिक समाज के अनुशासित, समर्पित एवं जिम्मेदार नागरिक होते हैं। उनकी नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और अनुभव का लाभ जिले के विकासात्मक कार्यों में लिया जाना चाहिए। इसी क्रम में उन्होंने जानकारी दी कि जिले की सभी 76 पंचायतों में खेल क्लब के गठन की योजना पर कार्य चल रहा है। प्रत्येक पंचायत में गठित खेल क्लब से एक सेवानिवृत्त सैनिक को नोडल प्रतिनिधि के रूप में जोड़े जाने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम वर्क की भावना विकसित हो सके।
बैठक में किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के गठन में भी भूतपूर्व सैनिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि संगठित कृषि गतिविधियों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ पूर्व सैनिकों को भी स्वरोजगार एवं सामूहिक उद्यम से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सकता है। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के संबंध में भी विस्तृत जानकारी साझा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप लगाने पर केंद्र सरकार द्वारा सब्सिडी उपलब्ध कराई जाती है। जिला पदाधिकारी ने उपस्थित सैनिकों एवं भूतपूर्व सैनिकों से अपील की कि वे योजना का लाभ उठाकर बिजली व्यय में कमी लाएं तथा स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दें। बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने राष्ट्र सेवा में भूतपूर्व सैनिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सेवा निवृत्ति के बाद भी उनका अनुभव समाज और प्रशासन के लिए प्रेरणास्रोत है।
बैठक में उपाध्यक्ष डॉ. मेजर चंद्र मोहन प्रसाद, सदस्य सचिव कर्नल मनोज कुमार, भूतपूर्व नायक पंकज कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी, जिला अग्रणी बैंक पदाधिकारी संजीत कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका अनीता कुमारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं भूतपूर्व सैनिकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।