लखीसराय में एसी, डीसी बिलों की समीक्षा, डीएम ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश
- Post By Admin on Feb 16 2026
लखीसराय: समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में 16 फरवरी 2026 को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में एसी/डीसी बिलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों में लंबित एसी/डीसी बिलों की स्थिति की समीक्षा कर उनके शीघ्र निष्पादन को सुनिश्चित करना रहा, ताकि वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता बनी रहे।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने विभागवार लंबित एसी बिलों की गहन समीक्षा करते हुए सभी विभागीय प्रभारी पदाधिकारियों एवं लेखा कर्मियों को निर्देश दिया कि लंबित एसी बिलों का समुचित मिलान कर निर्धारित समयावधि के भीतर संबंधित डीसी बिल अनिवार्य रूप से समर्पित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि वित्तीय नियमों का अनुपालन प्रत्येक कार्यालय की जिम्मेदारी है और इसमें लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को कार्य में तीव्रता लाने तथा लंबित एसी/डीसी मामलों का हर हाल में निष्पादन पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि लंबित कार्यों के निष्पादन में शिथिलता बरतने वाले संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा क्रम में जिला योजना कार्यालय, जिला पंचायत राज कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय, जिला सहकारिता कार्यालय, जिला प्रोग्राम कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग और जिला परिवहन कार्यालय सहित विभिन्न जिला एवं प्रखंड स्तरीय कार्यालयों के एसी/डीसी बिलों की स्थिति की जानकारी ली गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि एसी/डीसी बिलों का नियमित समायोजन वित्तीय पारदर्शिता बढ़ाने के साथ-साथ भविष्य की ऑडिट आपत्तियों से बचाव में सहायक होता है।
बैठक में वरीय कोषागार पदाधिकारी रामेश कुमार सुमन, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित विभिन्न विभागों के प्रभारी पदाधिकारी, लेखा पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।