जियो के AI मॉडलों पर प्रधानमंत्री की नजर, आकाश अंबानी ने दी इकोसिस्टम की जानकारी

  • Post By Admin on Feb 16 2026
जियो के AI मॉडलों पर प्रधानमंत्री की नजर, आकाश अंबानी ने दी इकोसिस्टम की जानकारी

नई दिल्ली: इंडिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इम्पैक्ट समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जियो के एआई पवेलियन का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने जियो द्वारा विकसित विभिन्न एआई आधारित मॉडलों और तकनीकी समाधानों की जानकारी ली।

प्रधानमंत्री ने जियो इंटेलिजेंस, जियो संस्कृति एआई, जियो आरोग्य एआई, जियो शिक्षा और जियो एआई होम जैसे मॉडलों का अवलोकन किया। इन मॉडलों के माध्यम से एंटरप्राइज इंटेलिजेंस, भारतीय भाषाओं एवं सांस्कृतिक सामग्री, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा समाधान और स्मार्ट होम सुविधाओं को तकनीक से सशक्त बनाने पर कार्य किया जा रहा है। दौरे के दौरान रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के चेयरमैन आकाश अंबानी ने प्रधानमंत्री को कंपनी के एआई इकोसिस्टम और उसके विभिन्न आयामों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जियो का उद्देश्य एआई तकनीक को आम लोगों, उद्योग और विभिन्न सेवाओं तक सुलभ बनाना है। जियो लंबे समय से “एआई फॉर ऑल” की अवधारणा पर बल देता रहा है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी पूर्व में कह चुके हैं कि किसी भी तकनीक का वास्तविक प्रभाव तभी दिखता है, जब उसका लाभ बड़े पैमाने पर समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। इसी दृष्टिकोण के तहत जियो एआई आधारित नवाचारों को विकसित कर रही है।

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में देश-विदेश की कई प्रौद्योगिकी कंपनियां और नीति विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री के इस दौरे को एआई क्षेत्र में निजी क्षेत्र की पहलों के प्रति प्रोत्साहन के रूप में देखा जा रहा है।