लखीसराय में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा, डीबीटी से हजारों लाभुकों को मिली सहायता राशि
- Post By Admin on Feb 16 2026
लखीसराय: मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य स्तर पर आयोजित राशि अंतरण कार्यक्रम का जिला मुख्यालय में लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रिमोट के माध्यम से बिहार की 25 लाख महिला लाभुकों के बैंक खातों में प्रति लाभुक 10 हजार रुपये की दर से कुल 2,500 करोड़ रुपये की प्रथम किस्त का सीधा अंतरण किया।
जिले में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में 21,040 महिलाओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी गई। अब तक लखीसराय जिले की 1,50,138 महिलाओं को योजना का लाभ मिल चुका है। इस सहायता का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाना और आत्मनिर्भर बनाना है। समाहरणालय परिसर स्थित मंत्रणा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, निदेशक एनईपी नीरज आनंद, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका अनीता कुमारी तथा जीविका दीदियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने योजना को महिला स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर मिल रहा है। उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने उपस्थित महिलाओं को उनके अधिकारों एवं स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक किया। अपर समाहर्ता नीरज कुमार ने फॉर्मर रजिस्ट्रेशन एवं राजस्व महा अभियान की जानकारी दी।
कार्यक्रम में डेढ़ सौ से अधिक जीविका दीदियों ने लाइव प्रसारण देखा और स्वरोजगार की नई शुरुआत के प्रति उत्साह व्यक्त किया। योजना के तहत पूर्व में प्राप्त राशि से महिलाएं बकरी पालन, दुग्ध उत्पादन, सिलाई सेंटर, फल-सब्जी, नाश्ता एवं किराना दुकान जैसे रोजगारों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। अंत में जिला परियोजना प्रबंधक अनीता कुमारी ने महिलाओं को प्राप्त राशि का सदुपयोग कर अपने पसंद के रोजगार को विकसित करने की सलाह दी। कार्यक्रम में जीविका से जुड़े जिला स्तरीय प्रबंधक एवं कर्मी भी उपस्थित रहे।