रामेश्वर कॉलेज में ‘कॉलेज के टशनबाज’ टैलेंट हंट, नेहा और जिया तालिब बनीं विजेता
- Post By Admin on Sep 22 2026
मुजफ्फरपुर : रामेश्वर महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर के किशोरी सिन्हा सभागार में 94.3 रेड एफएम द्वारा प्रायोजित टैलेंट हंट प्रतियोगिता ‘कॉलेज के टशनबाज’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को इंटरनेशनल स्कूल ऑफ मैनेजमेंट पटना और रॉयल एनफील्ड ने संयुक्त रूप से प्रायोजित किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ युवाओं की बहुमुखी प्रतिभा का विकास भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि रेड एफएम का यह मंच छात्रों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. शारदा नंद सहनी और सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. सुमित्रा कुमारी की देखरेख में प्रतियोगिता की विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने गायन, नृत्य और मिमिक्री सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में रेड एफएम के आरजे उमंग और आरजे महिमा ने एंकरिंग और अपनी जुगलबंदी से माहौल को जीवंत बनाए रखा। वहीं टीम के सदस्य इरफान और सुभाष ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग किया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर जिया तालिब और नेहा को ‘कॉलेज के टशनबाज’ चुना गया। दोनों विजेताओं को पटना में आयोजित होने वाले ग्रैंड फिनाले में शामिल होने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपनी रचनात्मक और सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच देने का अवसर मिला।