पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थियों को मिलेगा अतिरिक्त अनुदान, सोलर प्रोत्साहन योजना शुरू
- Post By Admin on Sep 22 2026
लखीसराय : प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने के लिए बिहार सरकार ने सोलर प्रोत्साहन योजना की शुरुआत की है। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजना के लाभार्थियों के खाते में अतिरिक्त राज्य अनुदान की राशि हस्तांतरित करने के साथ सोलर प्रोत्साहन योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में किया गया, जहां संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का उद्देश्य घरों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर परिवारों को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा से जोड़ना और बिजली खर्च को कम करने में सहायता देना है। योजना को अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने के लिए बिहार सरकार ने केंद्र सरकार की सहायता के अतिरिक्त राज्य अनुदान का प्रावधान किया है। योजना के तहत एक किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर संयंत्र पर केंद्र सरकार की ओर से 30 हजार रुपए और राज्य सरकार की ओर से 10 हजार रुपए, यानी कुल 40 हजार रुपए तक की वित्तीय सहायता दी जा रही है। दो किलोवाट क्षमता के संयंत्र के लिए केंद्र से 60 हजार रुपए और राज्य से 20 हजार रुपए, कुल 80 हजार रुपए तक अनुदान का प्रावधान है। वहीं, तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र के लिए केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपए और बिहार सरकार की ओर से 20 हजार रुपए, यानी कुल 98 हजार रुपए तक की सहायता उपलब्ध होगी।
बिहार सरकार की ओर से अतिरिक्त राज्य अनुदान का प्रावधान 31 मार्च 2027 तक किया गया है। इसके अलावा रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए लाभार्थियों को आसान किस्तों पर 5.75 प्रतिशत ब्याज दर से ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। योजना को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक “सोलर सेवा सेतु कैंप” अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान प्रखंड स्तर पर प्रचार-प्रसार के साथ ऑनलाइन पंजीकरण कराया जाएगा। इच्छुक लाभार्थियों को रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने की प्रक्रिया में आवश्यक जानकारी, मार्गदर्शन और सहयोग भी दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने लखीसराय के सभी प्रखंडों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया है। पात्र और इच्छुक परिवारों को आवेदन, पंजीकरण तथा सोलर संयंत्र की स्थापना की प्रक्रिया में जरूरी सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है, ताकि जिले में अधिक से अधिक परिवार प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ उठा सकें।