ग्रेटर नोएडा में सांस्कृतिक उत्सव की धूम, जीएनआईओटी समारोह में नृत्य और क्विज प्रतियोगिताएँ आकर्षण
- Post By Admin on Feb 16 2026
ग्रेटर नोएडा: जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में आयोजित रजत जयंती समारोह का तृतीय दिवस उत्साह, ऊर्जा और रचनात्मकता के माहौल में संपन्न हुआ। संस्थान की 25 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष दिवस को युवा प्रतिभाओं और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को समर्पित किया गया।
समारोह का मुख्य आकर्षण अंतर-महाविद्यालयीय नृत्य प्रतियोगिता “नृत्यांजलि” रही, जिसमें विभिन्न प्रतिष्ठित महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी कला का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा, बिहार–झारखंड के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करते हैं तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। विशिष्ट अतिथियों में भारतीय जनता युवा मोर्चा, काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष सिंह, गौतम बुद्ध नगर के अपर पुलिस अधीक्षक (एसटीएफ) राज कुमार मिश्रा, जिला कारागार अधीक्षक बृजेश कुमार तथा कारागार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह की उपस्थिति रही। नृत्य प्रतियोगिता में हंसराज कॉलेज, जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज, गलगोटियास विश्वविद्यालय, शारदा विश्वविद्यालय और गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिभागियों ने शास्त्रीय, अर्ध-शास्त्रीय, लोक, समकालीन और मिश्रित नृत्य शैलियों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। प्रतिभागियों की भाव-भंगिमाओं, तालमेल और मंच प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। निर्णायक मंडल में डॉ. प्रीति शर्मा, श्रीमती श्रद्धा यादव और साहिल शर्मा शामिल रहे, जिन्होंने रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता, विषय-वस्तु और समग्र प्रभाव के आधार पर मूल्यांकन किया।कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में अध्ययन के प्रति समर्पण प्रदर्शित करने वाले विद्यार्थियों को उत्साही शिक्षार्थी सम्मान प्रदान किया गया। संस्थान के विभिन्न क्लबों के उत्कृष्ट संचालन के लिए क्लब समन्वय सम्मान भी दिए गए।
टेक्नोबिज अंतर-महाविद्यालयीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कुल 15 टीमों ने भाग लिया। प्रतिस्पर्धा के बाद जीएनआईओटी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आईटीएस महाविद्यालय की टीम द्वितीय स्थान पर रही। आइडियाथॉन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सामाजिक और तकनीकी चुनौतियों के समाधान हेतु नवाचारी और व्यवहारिक विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों की सृजनात्मक सोच और टीम भावना को सुदृढ़ किया।
रजत जयंती समारोह का तृतीय दिवस गर्व और प्रेरणा के साथ संपन्न हुआ। आयोजन ने शिक्षा, नवाचार और सांस्कृतिक उत्कृष्टता के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। संस्थान प्रशासन ने भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की बात कही।