जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, लखीसराय में क्षेत्रीय पदाधिकारियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
- Post By Admin on Jul 16 2026
लखीसराय : भारत की जनगणना 2027 के तहत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (डीसीएचबी) के लिए आंकड़ों के संकलन को लेकर लखीसराय में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवार को हुई। समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।
16 से 18 जुलाई तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन सूर्यगढ़ा प्रखंड के क्षेत्रीय पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। नोडल पदाधिकारी सह प्रशिक्षक राधेश्याम कुमार और प्रशिक्षक रवि चौधरी ने प्रतिभागियों को जनगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं, आंकड़ों के संग्रहण की प्रक्रिया, डेटा की शुद्धता तथा निर्धारित समय पर पोर्टल पर अपलोड करने की विस्तृत जानकारी दी।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने सभी नामित क्षेत्रीय कर्मियों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य है, इसलिए आंकड़ों के संग्रहण में किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से शून्य त्रुटि के साथ डेटा संकलित करने, उसकी समीक्षा करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर अपलोड सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्देश दिया कि प्रशिक्षण या कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर जिला स्तरीय प्रशिक्षकों से संपर्क करें। आवश्यकता पड़ने पर जिला प्रशासन से भी मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राम विनोद प्रसाद यादव, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी पिंटू कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।