महाशिवरात्रि की तैयारी जोरों पर, अशोक धाम से निकलेगी शिव बारात

  • Post By Admin on Feb 22 2025
महाशिवरात्रि की तैयारी जोरों पर, अशोक धाम से निकलेगी शिव बारात

लखीसराय : आगामी 26 फरवरी को मनाई जाने वाली महाशिवरात्रि के अवसर पर जिला प्रशासन ने अशोक धाम मंदिर परिसर में भव्य आयोजन की तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें मंदिर प्रबंधन समिति और प्रशासनिक अधिकारियों ने महाशिवरात्रि के लिए की जा रही तैयारियों पर चर्चा की।

बैठक में मंदिर के सचिव डॉ. अमित कुमार ने महाशिवरात्रि की पूर्व तैयारियों से सभी अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी को अपराह्न 2 बजे से अशोक धाम मंदिर से शिव बारात निकाली जाएगी, जो मंदिर परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार से होते हुए एनएच 80 पर जाएगी। बारात विद्यापीठ चौक होते हुए नया बाजार स्थित बड़ी दुर्गा स्थान के पास से पचना रोड होते हुए वापस अशोक धाम मंदिर परिसर लौटेगी। शिव विवाह का आयोजन रात में मंदिर परिसर में होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। विवाह कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट भी मंदिर परिसर में किया जाएगा।

महाशिवरात्रि के दौरान शिव बारात और शिव विवाह के आयोजन हेतु प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने का निर्देश दिया और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति का आदेश दिया।

सड़क व्यवस्था में भी सुधार किया जाएगा। अशोक धाम मंदिर के सामने बालगुदर और बीएड कॉलेज के पास ड्रॉप गेट की स्थापना की जाएगी और मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार तथा शिवगंगा के पास शौचालय और पेयजल व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को पर्याप्त रोशनी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है।

चिकित्सा व्यवस्था के लिए सिविल सर्जन को मंदिर परिसर में मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और बेड की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार, सिविल सर्जन डॉ. बिनोद प्रसाद सिन्हा, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार और अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।