वैशाली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से बिहार को करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने वाले हैं। इस कार्यक्रम का सबसे प्रमुख आकर्षण कच्ची दरगाह-बिदुपुर के बीच बने छह लेन के नीतीश सेतु का उद्घाटन है। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना को बिहार के सड़क संपर्क के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नीतीश सेतु की कुल लंबाई लगभग 19.7 किलोमीटर है। इसमें 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और करीब 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं। इसके चालू होने से पटना, वैशाली, हाजीपुर और उत्तर बिहार के कई जिलों के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है। साथ ही महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम हो सकता है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और शहरी विकास से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। इनमें बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी 660 मेगावाट की इकाई, विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं और शहरी जलापूर्ति एवं सीवरेज योजनाएं शामिल हैं।

इसके अलावा 100 पीएम ई-बसों को रवाना करने और प्रधानमंत्री आवास योजना के 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। कुल मिलाकर यह दौरा बिहार के बुनियादी ढांचे और विकास योजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।