लखीसराय : प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) के तहत बिहार ग्रामीण बैंक की लखीसराय शाखा ने दिवंगत खाताधारक की पत्नी को 2 लाख रुपए की बीमा क्लेम राशि प्रदान की है। बैंक ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया और सत्यापन पूरा करने के बाद योजना की नामिनी लक्ष्मी देवी को बीमा की राशि सौंपी।
जानकारी के अनुसार, लखीसराय जिले के कजुल आरएस स्थित वृंदावन गांव निवासी चंदन चौधरी बिहार ग्रामीण बैंक की लखीसराय शाखा के खाताधारक थे। उन्होंने 19 अगस्त 2023 को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत अपना पंजीकरण कराया था। योजना का अंतिम नवीनीकरण 24 मई 2025 को हुआ था। इसके बाद 22 अगस्त 2025 को उनका प्राकृतिक निधन हो गया।
खाताधारक की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी एवं नामिनी लक्ष्मी देवी ने बीमा क्लेम के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। बैंक शाखा की ओर से दस्तावेजों के सत्यापन और औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद उन्हें योजना के तहत निर्धारित 2 लाख रुपए की राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर शाखा प्रबंधक रोमिल रोहित ने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना आम नागरिकों और उनके परिवारों को कठिन समय में आर्थिक सुरक्षा देने वाली महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना है। उन्होंने खाताधारकों से अपील की कि वे अपनी बीमा योजनाओं का समय पर नवीनीकरण कराते रहें, ताकि किसी अप्रत्याशित परिस्थिति में उनके परिवार को आर्थिक सहायता मिल सके।
















