मुजफ्फरपुर: ‘सब पढ़ेंगे, सब बढ़ेंगे और शिक्षा से बदलेगा भविष्य’ के संकल्प के साथ एक प्रयास मंच की ओर से शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को सिकंदरपुर मुक्तिधाम स्थित मां शमशान काली मंदिर परिसर की स्लम बस्ती में शिक्षा जागरूकता एवं पठन सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जरूरतमंद बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई और उन्हें शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मंच के संस्थापक संजय रजक ने कहा कि शिक्षा के बिना मनुष्य का जीवन अधूरा है। बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें शिक्षित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। एक प्रयास मंच का संकल्प है कि कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि मंच मुजफ्फरपुर की विभिन्न स्लम बस्तियों में गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों के बीच पठन सामग्री वितरित करने के साथ नाटक और लोकगीतों के माध्यम से शिक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चला रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों और उनके अभिभावकों को शिक्षा के महत्व से जोड़ना तथा बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण संजय रजक का 30वां जन्मदिन रहा। उन्होंने अपना जन्मदिन बच्चों के बीच मनाते हुए ‘बर्थडे तो बहाना है, बच्चों को पढ़ाना है’ पहल के तहत उनके साथ केक काटा और पठन सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि जन्मदिन पर जरूरतमंद बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना और उनके हाथों में शिक्षा की सामग्री देना उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है। संजय रजक ने कहा कि उनका प्रयास है कि स्लम बस्ती का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। हर बच्चे को पढ़ने और आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए, ताकि वह अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर सके।
इस अवसर पर उन्होंने संदेश दिया, “अब राजा का बेटा राजा नहीं बनेगा, राजा वही बनेगा जो हकदार होगा।” उन्होंने कहा कि बच्चे की पहचान उसके परिवार या आर्थिक स्थिति से नहीं, बल्कि उसकी प्रतिभा और काबिलियत से होनी चाहिए। इसके लिए हर बच्चे को शिक्षा का समान अवसर मिलना जरूरी है। कार्यक्रम में आदित्य, राज, अनीता, चिंटू, मुकुंद, रिशु और संजय रजक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से शिक्षा, समान अवसर और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
















