पटना : जिला में दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘इंद्रधनुष 2026’ का शुक्रवार, 20 नवंबर को भव्य शुभारंभ हुआ। राजेंद्र नगर स्थित प्रेमचंद रंगशाला में आयोजित इस महोत्सव में सात राज्यों के करीब 400 लोक कलाकार भारतीय लोक संस्कृति, परंपरा और कलाओं की विविध छटा प्रस्तुत कर रहे हैं। पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (EZCC), कोलकाता, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (NCZCC), प्रयागराज और बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह महोत्सव 20 और 21 नवंबर तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा।
महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन बिहार के लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक सुदेश शर्मा ने स्वागत संबोधन दिया। इसके बाद संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित एनके नूतन ने दर्शकों को संबोधित किया। बिहार के कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कलाकारों और दर्शकों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल का संबोधन भी हुआ। कला एवं संस्कृति विभाग की निदेशक रूबी, भा.प्र.से. ने महोत्सव की रूपरेखा और आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
महोत्सव में हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, त्रिपुरा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और बिहार के कलाकार अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्रीय लोक संस्कृति को मंच दे रहे हैं। सभी राज्यों के कलाकारों ने राजीव कुमार रॉय के निर्देशन में नृत्य प्रस्तुति के साथ महोत्सव की शुरुआत की। इसके बाद उत्तर प्रदेश की खुशबू पारिक के दल ने फूलों की होली और मयूर लोक नृत्य प्रस्तुत किया। हरियाणा के अंकित शर्मा के दल ने रागिनी, फाग और घूमर की प्रस्तुति दी, जबकि राजस्थान के जगदीश पचारिया के दल ने भवई, घूमर और कालबेलिया नृत्यों से दर्शकों को आकर्षित किया। ओडिशा के अरुण कुमार सुना के नेतृत्व में एकतारा कला केंद्र के कलाकारों ने संबलपुरी और ढाप नृत्य प्रस्तुत किए। त्रिपुरा की मनु देवबर्मन के दल ने मोमिता और होजागिरी नृत्य का प्रदर्शन किया। वहीं महाराष्ट्र की मोहिनी इयाजरे के दल ने लावणी और कोली नृत्य के जरिए राज्य की लोक परंपरा को प्रदर्शित किया। बिहार के कलाकारों ने भी लोकगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुतियां दीं।
महोत्सव का एक विशेष आकर्षण ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम रहा। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, कोलकाता की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार और त्रिपुरा की भाषा, संस्कृति, परंपरा और खान-पान से जुड़े आदान-प्रदान को शामिल किया गया। इसका उद्देश्य दोनों राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को करीब लाने के साथ विविधता में एकता का संदेश देना है। मुख्य मंच पर प्रस्तुतियों के अलावा रंगशाला के बाहरी परिसर में स्थित मुक्ताकाश मंच पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। शाम 5:30 बजे से उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कलाकारों ने लोकगायन प्रस्तुत किया। त्रिपुरा के कलाकारों ने मणिपुरी शास्त्रीय नृत्य पेश किया, जबकि ओडिशा, हरियाणा और महाराष्ट्र के कलाकारों ने अपने पारंपरिक लोकनृत्यों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
महोत्सव परिसर में हस्तशिल्प मेला, खान-पान मेला, पारंपरिक पहनावे का प्रदर्शन, चित्रकला कार्यशाला और रंगोली प्रदर्शन जैसे आयोजन भी किए जा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, ‘इंद्रधनुष’ का उद्देश्य भारतीय लोक कला और संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाना तथा देश के विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत को एक साझा मंच पर प्रस्तुत करना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, कोलकाता की सहायक अभियंता राजश्री चंद्रा और उपनिदेशक तापस सामंत राय समन्वय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
















