नई दिल्ली: 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 के अवसर पर शुक्रवार, 20 नवंबर को भारत मंडपम में बिहार दिवस का भव्य आयोजन किया गया। बिहार सरकार के उद्योग विभाग की ओर से आयोजित इस सांस्कृतिक समारोह में राज्य की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत, कला और विरासत की आकर्षक झलक देखने को मिली। सुप्रसिद्ध लोक गायिका डॉ. नीतू कुमारी नवगीत, रंजना झा और रिया सिंह ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

भारत मंडपम के ओपन एयर एम्फीथिएटर-1 में आयोजित कार्यक्रम की थीम ‘बिहार दिवस : अपनी जड़ों का उत्सव, अपनी विरासत को नमन’ रखी गई थी। समारोह का शुभारंभ बिहार सरकार के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक संध्या में डॉ. नीतू कुमारी नवगीत ने बिहार की गौरवशाली परंपरा और ऐतिहासिक विरासत को समर्पित कई पारंपरिक लोकगीत प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुति ‘बुद्ध और महावीर ने यहीं लिया अवतार, ये है मेरा बिहार, ये है मेरा बिहार’ ने दर्शकों में उत्साह भर दिया। वहीं, रंजना झा और रिया सिंह ने भी अपनी गायकी से कार्यक्रम में चार चांद लगाए। नालंदा संगीत कला विकास संस्थान और रंग सेतु के कलाकारों ने भी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। संस्थान के कलाकारों ने ‘महका-महका सोंधी-सोंधी माटी का बिहार है’ गीत पर आकर्षक लोकनृत्य प्रस्तुत कर बिहार की मिट्टी, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान को मंच पर जीवंत कर दिया। बिहार की लोक संस्कृति और पारंपरिक संगीत से सजी इस सांस्कृतिक संध्या को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक और व्यापार मेले में पहुंचे आगंतुक मौजूद रहे। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने लोगों को बिहार की सांस्कृतिक विविधता और लोक परंपराओं से परिचित कराया।

45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में बिहार की भागीदारी का उद्देश्य राज्य की औद्योगिक क्षमता, हस्तशिल्प, उद्यमिता, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। बिहार दिवस जैसे आयोजनों के माध्यम से राज्य की पारंपरिक पहचान के साथ आधुनिक विकास और नई संभावनाओं को भी देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समारोह का समापन हुआ। इस आयोजन ने व्यापार मेले में आए आगंतुकों को बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति और गौरवशाली विरासत से रूबरू होने का अवसर दिया।