जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिले के रतनी अंचल की अंचलाधिकारी नुजहत और उनके पति रैसुल इस्लाम के खिलाफ रिश्वत लेकर गैरमजरूआ जमीन की अवैध रूप से डिमांड खोलने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि जमीन की डिमांड कायम करने के बदले ऑनलाइन माध्यम से कुल 1 लाख 24 हजार 500 रुपये अंचलाधिकारी के पति के बैंक खाते में भेजे गए।
शकुराबाद थाने में नोआवां पंचायत के सलारपुर गांव निवासी राजकुमार के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, गांव के दो युवकों के मोबाइल नंबर से अलग-अलग तारीखों में रकम ट्रांसफर की गई। आरोप है कि पैसे मिलने के बाद संबंधित जमीनों की ऑनलाइन डिमांड खोल दी गई। मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि अंचलाधिकारी के चिकित्सा अवकाश पर रहने के दौरान उनके डोंगल का इस्तेमाल कर परिमार्जन प्लस पोर्टल के माध्यम से जमीन की डिमांड कायम की गई। शिकायतकर्ता ने दो अलग-अलग दाखिल-खारिज मामलों में नियमों के विरुद्ध जमाबंदी किए जाने का आरोप लगाया है।
शकुराबाद थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ये सभी आरोप हैं, जिनकी सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।




















