मुजफ्फरपुर: शहर के प्रमुख क्षेत्र लक्ष्मी चौक के समीप नगर निगम की ओर से नवनिर्मित अत्याधुनिक पिंक एवं कम्युनिटी टॉयलेट का विधिवत लोकार्पण महापौर ने किया। इस सुविधा का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं और दिव्यांगजनों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक शौचालय उपलब्ध कराना है। लोकार्पण के दौरान स्थानीय नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और दिव्यांगजनों ने इस पहल पर खुशी और संतोष व्यक्त किया।

इस अवसर पर महापौर ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के लिए सुरक्षित और स्वच्छ शौचालय की उपलब्धता लंबे समय से एक महत्वपूर्ण आवश्यकता रही है। घर से बाहर निकलने पर शौचालय की उचित सुविधा नहीं मिलने से महिलाओं को परेशानी और संकोच का सामना करना पड़ता है। पिंक टॉयलेट का निर्माण महिलाओं और बेटियों के सम्मान, सुरक्षा तथा स्वच्छता को ध्यान में रखकर किया गया है। महापौर ने कहा कि यह सुविधा केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान और उनकी बुनियादी जरूरतों के प्रति नगर निगम की संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने दिव्यांगजनों की सुविधा पर भी विशेष जोर देते हुए बताया कि टॉयलेट में उनके लिए सुगम रैंप और अनुकूल व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि वे बिना किसी पर निर्भर हुए सार्वजनिक सुविधा का उपयोग कर सकें।

महापौर के अनुसार, शहर को स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने के लिए नगर निगम की ओर से अन्य प्रमुख स्थानों पर भी आधुनिक शौचालयों के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। इनका निर्माण पूरा होने के बाद जल्द ही उन्हें भी आम नागरिकों को समर्पित किया जाएगा। लोकार्पण समारोह में उप नगर आयुक्त अनुभूति श्रीवास्तव, स्वच्छता प्रभारी शिवेश कुमार, स्थानीय पार्षद उमेश कुमार और अंजार आलम उपस्थित रहे। इनके अलावा सफाई दूत, अंचल निरीक्षक, वार्ड जमादार तथा बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना की।

इस पहल से लक्ष्मी चौक और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों को सार्वजनिक शौचालय की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। खासकर महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए यह व्यवस्था शहर की सार्वजनिक सुविधाओं को अधिक समावेशी और सम्मानजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।