मुजफ्फरपुर: आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और समावेशी बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कुमार गौरव ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि त्रुटिरहित एवं समावेशी मतदाता सूची पूरी निर्वाचन प्रक्रिया का आधार है। इसलिए कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जा रहा है। इसके तहत 12 नवंबर 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई है। दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 11 दिसंबर 2026 निर्धारित है। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निष्पादन 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि योग्य मतदाताओं की सुविधा के लिए दो चरणों में विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। पहला अभियान 21 एवं 22 नवंबर 2026 को तथा दूसरा अभियान 5 एवं 6 दिसंबर 2026 को चलेगा। इन तिथियों पर संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ स्तरीय पदाधिकारी (बीएलओ) आवश्यक प्रपत्रों के साथ उपस्थित रहेंगे और मतदाताओं से आवेदन, दावा एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से इन विशेष अभियान दिवसों का लाभ उठाने की अपील की। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से 18-19 वर्ष के युवाओं, पहली बार मतदाता बनने वाले लोगों, छात्र-छात्राओं, महिलाओं और उन सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन देने का आह्वान किया, जिनका नाम अब तक सूची में शामिल नहीं है। उन्होंने बताया कि 12 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के समय जिले में कुल 33,62,114 निर्वाचक दर्ज थे। उन्होंने कहा कि अभियान का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं।
उप निर्वाचन पदाधिकारी सत्यप्रिय कुमार ने पुनरीक्षण कार्यक्रम और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जो युवा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को पात्र होने वाले भावी मतदाता भी अग्रिम आवेदन दे सकते हैं। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, विदेश में रहने वाले भारतीय प्रवासी निर्वाचकों के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6क, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और पता परिवर्तन, दिव्यांग चिह्नीकरण, विवरण में संशोधन अथवा ईपीआईसी में बदलाव के लिए फॉर्म-8 निर्धारित है।
आवेदन ऑनलाइन ईसीआईनेट ऐप या पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। ऑफलाइन आवेदन के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय, अनुमंडल निर्वाचन कार्यालय, प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय अथवा संबंधित बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है। मतदाता पंजीकरण से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 का भी उपयोग किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि फॉर्म-7 के माध्यम से किसी नाम को हटाने की आपत्ति मिलने पर संबंधित ईआरओ या एईआरओ नोटिस जारी करेंगे और संबंधित व्यक्ति को इसकी सूचना देना सुनिश्चित करेंगे। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और जांच के बाद ही मतदाता सूची से किसी का नाम हटाया जा सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी वैधानिक प्रावधानों का पालन करने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान बताया गया कि मुजफ्फरपुर जिले में कुल 4,186 मतदान केंद्र हैं और इतने ही बीएलओ कार्यरत हैं। जिले में 11 निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा 74 सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तैनात हैं। निर्वाचन साक्षरता और मतदाता पंजीकरण बढ़ाने के लिए स्वीप के तहत भी जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि लोकतंत्र में सार्वभौम वयस्क मताधिकार नागरिकों को मिला एक बहुमूल्य अधिकार है। मतदाता सूची में नाम दर्ज होना मतदान करने की पहली शर्त है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से समय रहते अपना पंजीकरण कराने और निर्वाचन प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
















