लखीसराय : जिले के सुदूरवर्ती आदिवासी गांवों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल की है। इसी क्रम में चौरा राजपुर पंचायत के लठिया कोड़ासी गांव में बच्चों एवं युवाओं के बीच फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार के सहयोग से आयोजित इस टूर्नामेंट का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी आशुतोष कुमार ने किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिला खेल पदाधिकारी ने गांव के बच्चों के बीच फुटबॉल का वितरण भी किया। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को खेल गतिविधियों से जोड़ना और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए आवश्यक अवसर उपलब्ध कराना है। फुटबॉल मिलने और टूर्नामेंट के आयोजन से स्थानीय बच्चों एवं युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। टूर्नामेंट के माध्यम से गांव के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही उनमें अनुशासन, आपसी सहयोग, टीम भावना और खेल भावना विकसित करने में भी मदद मिलेगी। जिला प्रशासन की इस पहल से सुदूरवर्ती क्षेत्र के बच्चों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार जिले के सुदूरवर्ती और आदिवासी बहुल क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास को लेकर लगातार प्रयासरत हैं। इन क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, आधारभूत संरचना और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बच्चों और युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना भी प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य केवल खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों एवं युवाओं में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और आगे बढ़ने की प्रेरणा विकसित करना भी है। लठिया कोड़ासी में फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को आगे लाने और युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
















