भुवनेश्वर : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ने शुक्रवार, 20 नवंबर की सुबह ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में दस्तक दी। गोपालपुर के निकट तूफान के तट पार करने की प्रक्रिया सुबह 7:30 से 8:30 बजे के बीच पूरी हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस दौरान हवा की गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही, जबकि झोंकों की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। तूफान के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया है। राज्य में तीन लाख से अधिक लोगों को संवेदनशील इलाकों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
20 जिलों में प्रशासन अलर्ट, गर्भवती महिलाओं को भी सुरक्षित पहुंचाया
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने चक्रवात की तैयारियों की समीक्षा के लिए गुरुवार देर रात उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में जान-माल का नुकसान न हो और राहत कार्यों में कोई लापरवाही नहीं बरती जाए। मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य के 20 जिलों में चक्रवात से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अब तक 3 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इनमें 4,170 गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें से 1,317 महिलाओं ने सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए जाने के बाद बच्चों को जन्म दिया है।
राज्य में कुल 9,341 चक्रवात आश्रय स्थलों को तैयार रखा गया है, जिनमें से 2,623 आश्रय स्थल फिलहाल संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल, दवाइयों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
बचाव अभियान में 418 टीमें तैनात
चक्रवात के प्रभाव से निपटने के लिए राज्य सरकार ने विभिन्न आपदा प्रबंधन एजेंसियों की 418 टीमों को मैदान में उतारा है। इनमें ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF) की 60, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की 14, अग्निशमन सेवा की 216 और ओडिशा वन विकास निगम की पेड़ काटने वाली 128 टीमें शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त अग्निशमन सेवा की 28 टीमों को आपात स्थिति के लिए तैयार रखा गया है। तटीय क्षेत्रों में भारतीय तटरक्षक बल को भी सतर्क किया गया है, ताकि समुद्र में फंसे मछुआरों और अन्य लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके।
प्रभावित क्षेत्रों में संचार व्यवस्था बाधित नहीं हो, इसके लिए सैटेलाइट फोन और मोबाइल संचार की वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है।
छह जिलों के 941 गांवों में भूस्खलन का खतरा
मौसम विभाग ने चक्रवात के साथ भारी बारिश की आशंका जताई है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश होने से भूस्खलन और मिट्टी धंसने का खतरा बढ़ सकता है। इसे देखते हुए गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कंधमाल, मलकानगिरी और कोरापुट जिलों के 941 गांवों को भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों के रूप में चिह्नित किया गया है। प्रशासन ने इन गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई की है। विशेष रूप से कंधमाल और गजपति जिले के पहाड़ी एवं निचले ढलान वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।
कई इलाकों में भारी बारिश, निचले क्षेत्रों में जलभराव की आशंका
मौसम विभाग के 20 नवंबर के सुबह 8:30 बजे तक के वर्षा आंकड़ों के अनुसार, ओडिशा के पात्रापुर में 209 मिलीमीटर, हिंजिली में 207 मिलीमीटर, चिकिटी में 199 मिलीमीटर और गोपालपुर में 190 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। छत्रपुर में 139 मिलीमीटर तथा चांदबली में 119 मिलीमीटर वर्षा हुई।
मौसम विभाग ने गंजाम और पुरी जिलों के निचले तटीय इलाकों में समुद्री जलस्तर बढ़ने से जलभराव की आशंका भी जताई है। ऐसे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
47 ट्रेनें रद्द, 28 के समय में बदलाव
चक्रवात का असर रेल परिचालन पर भी पड़ा है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने 47 ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 28 ट्रेनों के परिचालन समय में बदलाव किया गया है। तटीय क्षेत्रों में रेल सेवाओं और अन्य परिवहन व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे समुद्र तट, निचले इलाकों और तेज हवाओं से प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचें। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की हिदायत दी गई है।
कमजोर पड़ने लगा चक्रवात
मौसम विभाग के 20 नवंबर को सुबह 9:30 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, तट पार करने के बाद चक्रवात उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा था। इसके अगले कुछ घंटों में गहरे दबाव और फिर दबाव के क्षेत्र में कमजोर होने का अनुमान जताया गया था। ओडिशा सरकार ने सभी संबंधित विभागों को राहत एवं बचाव कार्य जारी रखने का निर्देश दिया है। प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित लोगों को सुरक्षित रखना, बिजली और संचार व्यवस्था बहाल करना तथा संभावित नुकसान को कम करना है।


















