मुजफ्फरपुर : काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी में 30 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले द्वितीय अंतरराष्ट्रीय गणितीय सम्मेलन में बिहार के गणितज्ञों और शोधार्थियों को आमंत्रित किया गया है। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के गणितज्ञ डॉ. उमेश कुमार श्रीवास्तव भी शामिल होंगे। वे सम्मेलन में अपना शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे।

सम्मेलन में अमेरिका, जापान, श्रीलंका, इटली, इराक, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों के गणितज्ञों एवं शिक्षाविदों की भागीदारी होगी। इस दौरान गणित के क्षेत्र में हो रहे नवीन शोध, वैज्ञानिक उपलब्धियों और समकालीन गणितीय विषयों पर चर्चा की जाएगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. उमेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में गणितज्ञों और शोधार्थियों का एक दल सम्मेलन में हिस्सा लेगा। इस दल में विभिन्न विश्वविद्यालयों से जुड़े शिक्षक और शोधार्थी शामिल होंगे। बिहार के अलावा प्रयागराज और नेपाल के त्रिभुवन विश्वविद्यालय, काठमांडू के गणितज्ञों की सहभागिता भी प्रस्तावित है। सम्मेलन में डॉ. सत्यरंजन प्रधानी, डॉ. प्रमोद कुमार पाण्डेय, डॉ. गिरजानंद प्रसाद, नेहा प्रियदर्शनी, डॉ. विनोद प्रसाद, सूर्यकुमार यादव, डॉ. प्रशांत कुमार श्रीवास्तव और प्रो. दशरथ प्रसाद राय सहित कई विद्वान भाग लेंगे।

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में बिहार के गणितज्ञों की भागीदारी से राज्य के शैक्षणिक और शोध कार्यों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। साथ ही विभिन्न देशों के विशेषज्ञों के बीच विचारों के आदान-प्रदान, शोध सहयोग और गणित के क्षेत्र में नई संभावनाओं पर चर्चा का मार्ग भी प्रशस्त होगा।