मुजफ्फरपुर: ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कृषि उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इसके तहत मुजफ्फरपुर, दरभंगा और बेतिया जिले की चयनित 120 महिलाओं को 21 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण शिविर का आयोजन मुजफ्फरपुर के खबड़ा स्थित कुमार फैसिलिटेशन सेंटर में जीविका और सिजेंटा के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परियोजना प्रबंधक अनीशा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए जीविका की ओर से कई तरह की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कृषि उद्यमी बनाना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। महिलाओं को खेती-किसानी की आधुनिक तकनीक और व्यवसाय से जुड़ी जानकारी देकर गांव में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।

प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को उन्नत बीजों के उपयोग, जैविक खेती, आधुनिक कृषि प्रणाली, फसल प्रबंधन, विपणन और कृषि व्यवसाय से जुड़ी बारीकियों की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को केवल खेती तक सीमित नहीं रखना, बल्कि उन्हें कृषि क्षेत्र में उद्यम स्थापित करने और अपनी आय बढ़ाने के योग्य बनाना है। डीपीएम अनीशा ने कहा कि आज कई सफल कृषि उद्यमी बड़े स्तर पर कारोबार कर रही हैं और करोड़ों रुपये का व्यवसाय कर रही हैं। ऐसे उदाहरण ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाएं अपने-अपने गांवों में कृषि उद्यमी के रूप में नई पहचान बनाएंगी और अन्य महिलाओं के लिए भी रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर विकसित करेंगी।

कार्यक्रम में संयोजक एवं कृषि प्रबंधक कुणाल किशोर के साथ सिजेंटा के प्रबंधक और आजीविका विशेषज्ञ उपस्थित रहे। 21 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण के माध्यम से तीन जिलों की 120 महिलाओं को कृषि क्षेत्र में उद्यमिता की व्यावहारिक जानकारी देने का लक्ष्य रखा गया है।