भारत ने अपनी समुद्री सुरक्षा और नौसेना की हवाई रक्षा क्षमता मजबूत करने के लिए इजरायल के साथ 1,976 करोड़ रुपये का रक्षा समझौता किया है। रक्षा मंत्रालय ने इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज के साथ बराक प्वाइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम के उन्नयन और पुराने उपकरणों के आधुनिकीकरण को लेकर अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं।
बराक प्वाइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम भारतीय नौसेना के युद्धपोतों पर इस्तेमाल होने वाली जहाज आधारित सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली है। इसका उद्देश्य समुद्र में तैनात भारतीय नौसेना के जहाजों को हवाई हमलों और संभावित खतरों से सुरक्षा प्रदान करना है। समझौते के तहत मिसाइल प्रणाली के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर दोनों में सुधार किया जाएगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस अपग्रेड से नौसेना के प्लेटफॉर्म की हवाई रक्षा क्षमता और प्रणाली की प्रभावशीलता बढ़ेगी।
यह समझौता ऐसे समय में हुआ है, जब हिंद महासागर और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में सुरक्षा चुनौतियां लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही हैं। भारत के लिए समुद्री व्यापार मार्गों, नौसैनिक प्रतिष्ठानों और युद्धपोतों की सुरक्षा रणनीतिक प्राथमिकता है। भारत और इजरायल के बीच रक्षा सहयोग पहले से ही मजबूत रहा है। मिसाइल तकनीक, निगरानी प्रणाली और आधुनिक रक्षा उपकरणों के क्षेत्र में दोनों देशों का सहयोग भारतीय सशस्त्र बलों की क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है।














