मुजफ्फरपुर: जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), रामबाग में आयोजित दो दिवसीय कला समेकित शिक्षा एवं STEAM आधारित कार्यशाला का शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को सफल समापन हुआ। कार्यशाला में डीएलएड प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षुओं को कला, विज्ञान और तकनीक के समन्वय से शिक्षण को सरल, रोचक, रचनात्मक एवं प्रभावी बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला का उद्घाटन डायट के प्राचार्य इंद्रजीत कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कला और विज्ञान एक-दूसरे से अलग नहीं, बल्कि एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। वैदिक काल से ही दोनों के बीच समन्वय देखने को मिलता है। हवन वेदी की आकृति में ज्यामिति के ज्ञान का उपयोग इसका उदाहरण है। इसी तरह त्रिकोणमिति, क्षेत्रमिति और वृत्त जैसे गणितीय सिद्धांतों का प्रयोग मानव जीवन में कला के माध्यम से होता रहा है।

उन्होंने कुम्हार के चाक का उदाहरण देते हुए बताया कि इसमें गणित, विज्ञान और कला का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है। यदि शिक्षक अपने विषय के अध्यापन में विभिन्न विषयों के तथ्यों को एकीकृत कर प्रस्तुत करें, तो बच्चों के लिए सीखने की प्रक्रिया अधिक सरल, रोचक और प्रभावी बन सकती है। डायट के वरीय व्याख्याता डॉ. पवन कुमार ने कहा कि मनुष्य का संपूर्ण जीवन कला से परिपूर्ण है और कला के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। वहीं, डॉ. उपेन्द्र कुमार ने कहा कि कला केवल वस्तुओं के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि अच्छी आदतों को अपनाना, प्रभावशाली ढंग से अपनी बात रखना और जीवन को सही दिशा देना भी कला के विभिन्न स्वरूप हैं। कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षुओं को दो समूहों में बांटकर कला आधारित शिक्षण और STEAM आधारित शिक्षण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कला आधारित शिक्षण सत्र की शुरुआत मुख्य साधन सेवी कनिष्का मुस्कान और कठपुतली कला विशेषज्ञ सुनील कुमार ने की, जबकि STEAM आधारित शिक्षण सत्र का संचालन नाजिया खान ने किया।

कला आधारित शिक्षण सत्र में कठपुतली कला के माध्यम से बच्चों के भाषाई कौशल को विकसित करने तथा पढ़ाई को मनोरंजक और प्रभावशाली बनाने के तरीके बताए गए। प्रशिक्षुओं को विभिन्न प्रकार की कठपुतलियां बनाने और उनके शैक्षणिक उपयोग का अभ्यास कराया गया। उन्होंने सीखा कि कठपुतलियों के माध्यम से कठिन विषयों को भी सरल और रोचक तरीके से समझाया जा सकता है। दूसरी ओर, STEAM आधारित शिक्षण सत्र में विभिन्न प्रोजेक्ट के माध्यम से विज्ञान के सिद्धांतों को दैनिक जीवन से जोड़कर समझाया गया। प्रशिक्षुओं को अलग-अलग विषयों के तथ्यों का समन्वय करते हुए एकीकृत शिक्षण की विधियों से परिचित कराया गया। इससे उन्हें विज्ञान, कला और तकनीक के व्यावहारिक उपयोग को समझने का अवसर मिला।

कार्यशाला के समापन तक प्रशिक्षुओं ने कठपुतली निर्माण, रचनात्मक गतिविधियों और STEAM आधारित प्रोजेक्ट के माध्यम से शिक्षण के नए तरीकों का अनुभव प्राप्त किया। आयोजकों के अनुसार, इस प्रशिक्षण से प्रशिक्षुओं को भविष्य में विद्यालयों में बच्चों के लिए सीखने की प्रक्रिया को अधिक आनंददायक और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर डायट के व्याख्याता प्रिय रंजन, अर्जुन गिरी, अमित सौरभ, दीप्ति कुमारी, शालिनी कुमारी, कलामउल्लाह, रवीन्द्र कुमार, राकेश सिन्हा, विजय कुमार, अपर्णा कुमारी एवं सुजीत कुमार सहित हुमाना की सृष्टि कुमारी उपस्थित रहीं। दो दिवसीय यह कार्यशाला प्रशिक्षुओं के लिए ज्ञानवर्धक और उपयोगी रही। इसके माध्यम से भावी शिक्षकों को पारंपरिक कला और आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक के समन्वय से शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में व्यावहारिक जानकारी मिली।