राघोपुर: पीड़ित परिवारों से मिले प्रशांत किशोर, 25 लाख रुपये मुआवजे और उच्चस्तरीय जांच की मांग

  • Post By Admin on Oct 20 2026
राघोपुर: पीड़ित परिवारों से मिले प्रशांत किशोर, 25 लाख रुपये मुआवजे और उच्चस्तरीय जांच की मांग

राघोपुर: जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने 20 अक्टूबर को राघोपुर में दशहरा के दिन नाव पलटने की घटना में जान गंवाने वाले 13 बच्चों के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घटना को बेहद दुखद बताया और पीड़ित परिवारों को कम से कम 25 लाख रुपये की सहायता राशि देने की मांग की।

प्रशांत किशोर ने कहा कि इस हादसे को लेकर नाव की फिटनेस और घटना की जानकारी प्रशासन को पहले से होने या नहीं होने जैसे कई सवाल लोगों के मन में हैं। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। साथ ही, उन्होंने हादसे के दौरान बचाव कार्य और एसडीआरएफ की भूमिका की भी जांच कर जिम्मेदारी तय करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।

उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों को पर्याप्त आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए। प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री को भी घटनास्थल पर आकर पीड़ित परिवारों से मिलना चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ऐसी त्रासदी के समय जाति और राजनीतिक दलों से ऊपर उठकर पीड़ितों के साथ खड़ा होना जरूरी है। पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान प्रशांत किशोर ने आश्वासन दिया कि वह बच्चों के दशकर्म के अवसर पर एक बार फिर राघोपुर आएंगे। उन्होंने घटना से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए न्याय और उचित सहायता की जरूरत पर बल दिया।