वैशाली में फिल्मी अंदाज में एटीएम चोरी, सीसीटीवी निष्क्रिय कर मशीन ले उड़े अपराधी

  • Post By Admin on Jul 25 2026
वैशाली में फिल्मी अंदाज में एटीएम चोरी, सीसीटीवी निष्क्रिय कर मशीन ले उड़े अपराधी

वैशाली: जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात अपराधियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एटीएम को गैस कटर से काटकर उखाड़ लिया और वाहन में लादकर फरार हो गए। बदमाश एटीएम में रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी निकालने के बाद मशीन को सुनसान इलाके में फेंककर फरार हो गए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, वारदात बिदुपुर थाना क्षेत्र के चकसिकंदर बाजार स्थित एसबीआई एटीएम में रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हुई। अपराधियों ने सबसे पहले एटीएम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को निष्क्रिय करने के लिए उनका तार काट दिया और कैमरों का रुख बदल दिया, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। इसके बाद बदमाशों ने गैस कटर और रस्सी की मदद से पूरी एटीएम मशीन को उखाड़ लिया और उसे एक वाहन में लादकर मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से गैस कटर के इस्तेमाल और रस्सी से मशीन खींचे जाने के स्पष्ट निशान मिले हैं।

वारदात के दौरान तेज आवाज सुनकर आसपास के लोगों की नींद खुल गई। स्थानीय लोगों ने छत से देखा कि चार बदमाश एटीएम मशीन को वाहन में लाद रहे हैं। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। शुक्रवार सुबह सराय थाना क्षेत्र के बोअरिया गांव स्थित मूसहरी टोला चंवर से खाली एटीएम मशीन बरामद की गई। आशंका है कि बदमाश मशीन को वहां ले जाकर उसमें रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी निकालने के बाद उसे फेंककर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा एटीएम परिसर से फिंगरप्रिंट सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष जांच टीमों का गठन किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही अपराधियों के भागने के संभावित मार्गों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

•खबर में दी गई तस्वीर केवल सांकेतिक है