मुजफ्फरपुर : जिले के मोतीपुर प्रखंड के कोरिगावां गांव में बिजली के खुले अर्थिंग तार की चपेट में आने से 55 वर्षीय मंजू देवी की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रांसफॉर्मर पर एक दिन पहले मरम्मत का काम हुआ था। आरोप है कि मरम्मत के बाद अर्थिंग का तार खुला छोड़ दिया गया था। शाम के समय मंजू देवी वहां से गुजर रही थीं, तभी वह तार की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें तार से अलग किया और तत्काल मोतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेज दिया।

स्थानीय मुखिया ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। घटना के बाद बिजली विभाग की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।