लखीसराय : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने और लंबित सोलर लोन आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को लेकर जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ में उनकी अध्यक्षता में योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न बैंकों और वेंडरों के स्तर पर लंबित सोलर लोन आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों एवं वेंडरों से आवेदनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी लंबित आवेदनों का नियमानुसार जल्द निष्पादन किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लाभुक योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। डीएम ने योजना के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की पहचान कर उनका त्वरित समाधान करने पर जोर दिया। उन्होंने बैंक और वेंडर के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आवेदन निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं करने का निर्देश दिया।
इसी बैठक में जिला स्क्रीनिंग कमेटी की भी बैठक आयोजित की गई। इसमें एमजेसी संख्या 4542/2019, बनारसी मोची बनाम बिहार राज्य एवं अन्य तथा सीडब्ल्यूजेसी संख्या 5022/2026, उमाशंकर पासवान बनाम बिहार राज्य एवं अन्य से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। इन मामलों में एसीपी (ACP)/एमएसीपी (MACP) का लाभ प्रदान करने से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं और अभिलेखों पर विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप सभी आवश्यक कार्रवाई समय-सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखते हुए लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
















