लखीसराय : जिले में अवैध शराब के कारोबार और शराब सेवन के खिलाफ मद्य निषेध थाना की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 19 नवंबर को जिले के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर अवैध चुलाई शराब की बिक्री और सेवन से जुड़े कुल 10 लोगों के नाम छापेमारी प्रतिवेदन में दर्ज किए गए हैं। इनमें दो लोगों पर अवैध शराब बेचने और आठ लोगों पर शराब पीने का आरोप है।
छापेमारी के दौरान लखीसराय रेलवे स्टेशन के पास से मुंगेर जिले के लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र के हुसैनपुर खुद्दीवन निवासी सुनील यादव को अवैध चुलाई शराब बेचने के आरोप में चिह्नित किया गया। उसके पास से 10 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद होने का उल्लेख प्रतिवेदन में किया गया है। वहीं, लखीसराय के नया टोला पुरानी बाजार से स्थानीय निवासी सुरेंद्र मंडल को 13 लीटर अवैध चुलाई शराब बेचने के आरोप में चिह्नित किया गया। दोनों स्थानों से कुल 23 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद होने की जानकारी दी गई है।
इसके अलावा श्रीधना मोड़, कजरा थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान तीन लोगों को शराब पीने के आरोप में चिह्नित किया गया। इनमें सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के निरता गांव के वार्ड संख्या 10 निवासी राहुल कुमार और विशाल कुमार तथा वार्ड संख्या 9 निवासी मालिक कुमार शामिल हैं। जजवारा मोड़, सूर्यगढ़ा के पास से भी दो लोगों के नाम सामने आए हैं। इनमें सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी ऋतुराज और पिपरिया थाना क्षेत्र के बसौना निवासी राम कुमार शामिल हैं। दोनों पर शराब पीने का आरोप है।
इसी तरह बड़हिया थाना क्षेत्र में उत्पाद थाना के समीप हुई कार्रवाई के दौरान तीन अन्य लोगों को शराब सेवन के आरोप में चिह्नित किया गया। इनमें मुंगेर जिले के नया रामनगर थाना क्षेत्र के नौवागढ़ी कंटपुर निवासी बलजीत कुमार, बेगूसराय जिले के मटिहानी थाना क्षेत्र के छिततौर निवासी अमित कुमार और गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 15 निवासी पिंटू कुमार शामिल हैं। मद्य निषेध थाना, लखीसराय की ओर से जारी 19 नवंबर के छापेमारी प्रतिवेदन में इन सभी दस लोगों का विवरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई के माध्यम से जिले में अवैध शराब की बिक्री और सेवन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी सामने आई है।
















