मुजफ्फरपुर : बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के रामदयालु सिंह महाविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के सेवानिवृत्त प्राध्यापक एवं प्रख्यात मानवाधिकार कार्यकर्ता प्रो. प्रभाकर सिन्हा का शुक्रवार सुबह पटना स्थित मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन से मुजफ्फरपुर के शैक्षणिक, सामाजिक और मानवाधिकार संगठनों में शोक की लहर है। शुक्रवार को ही पटना के बांस घाट स्थित विद्युत शवदाह गृह में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

प्रो. सिन्हा रामदयालु सिंह महाविद्यालय शिक्षक संघ के पूर्व सचिव और पीयूसीएल (पीपुल्स यूनियन फॉर सिविल लिबर्टीज) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके थे। मानवाधिकार के क्षेत्र में उनकी सक्रियता, प्रतिबद्धता और विशेषज्ञता के कारण उनकी अलग पहचान थी। वे मुजफ्फरपुर के मनिका के निवासी थे। प्रसिद्ध समाजवादी चिंतक एवं लेखक सच्चिदानंद सिन्हा के भाई होने के साथ-साथ वे अपने शैक्षणिक और सामाजिक योगदान के लिए भी जाने जाते थे।

उनके निधन पर महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय परिवार के साथ-साथ शहर के सामाजिक कार्यकर्ताओं और मानवाधिकार संगठनों से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। शोक व्यक्त करने वालों ने उन्हें विद्वान शिक्षक, सजग सामाजिक चिंतक और मानवाधिकारों के लिए प्रतिबद्ध कार्यकर्ता बताया। वक्ताओं ने कहा कि नागरिक जीवन और प्रशासनिक व्यवस्था में मानवाधिकारों को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए उनका प्रयास और सरोकार अनुकरणीय रहा।

फुटाब महासचिव एवं बूटा संरक्षक प्रो. संजय कुमार सिंह, बूटा सचिव डॉ. सुनील कुमार सिंह, बुस्टा के कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. जयकांत सिंह, महासचिव प्रो. रमेश प्रसाद गुप्ता, रामदयालु सिंह महाविद्यालय शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं पीयूसीएल के मुजफ्फरपुर जिला अध्यक्ष डॉ. केके झा, शिक्षक संघ के सचिव एवं पीयूसीएल के जिला सचिव डॉ. एमएन रजवी, अभिषद् सदस्य प्रो. प्रमोद कुमार, पीयूसीएल के जिला उपाध्यक्ष एवं अधिसभा सदस्य प्रो. संजय कुमार सुमन, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शशिभूषण कुमार, विश्वविद्यालय अंग्रेजी विभाग की अध्यक्ष प्रो. अनिता सिंह तथा महाविद्यालय अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. अमर ज्योति रंजन सहित अन्य लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

शोक व्यक्त करने वालों ने कहा कि प्रो. प्रभाकर सिन्हा का निधन उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। वे केवल एक शिक्षक और मानवाधिकार विशेषज्ञ ही नहीं, बल्कि प्रेरक मार्गदर्शक एवं अभिभावक भी थे। उनसे लोगों को हमेशा सीखने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की प्रेरणा मिलती रही। उनके योगदान और विचारों को लंबे समय तक याद किया जाएगा।