मुजफ्फरपुर : विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान की ओर से आयोजित भारत बौद्धिक परीक्षा 2.0-2026 को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार, 21 नवंबर को उत्तर बिहार प्रांत के 29 अंगीभूत महाविद्यालयों में एक साथ परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें कुल 5,960 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। इसके लिए उड़नदस्ता टीम तैनात रहेगी।
विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान, उत्तर बिहार प्रांत के सचिव सह परीक्षा समन्वयक डॉ. अमर बहादुर शुक्ला ने बताया कि सभी परीक्षार्थियों को सुबह 9:30 बजे तक अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर स्थान ग्रहण करना होगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए आधार कार्ड या पैन कार्ड जैसे फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। इसके साथ आधार कार्ड की छायाप्रति भी रखनी होगी। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन और अन्य अनावश्यक वस्तुएं ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। डॉ. शुक्ला ने कहा कि भारत बौद्धिक परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान, संस्कृति, इतिहास, परंपराओं और राष्ट्रीय चेतना से जोड़ना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता का विकास करने के साथ उन्हें देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन ज्ञान परंपराओं से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. रजनीश कुमार गुप्ता ने बताया कि उत्तर बिहार प्रांत के सभी 29 परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उड़नदस्ता टीम लगातार निगरानी करेगी। उन्होंने कहा कि यह परीक्षा केवल प्रमाण पत्र या पुरस्कार हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को भारतीय सभ्यता, संस्कृति और ज्ञान की परंपरा को समझने का अवसर भी प्रदान करती है।
वहीं, संस्थान के सह-सचिव डॉ. ललित किशोर ने परीक्षार्थियों से आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़ने, धैर्य एवं संयम बनाए रखने और अपनी क्षमता के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा में अच्छे परिणाम के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा को जानने और उसे जीवन में अपनाने की जिज्ञासा विकसित करना भी महत्वपूर्ण है। भारत बौद्धिक परीक्षा 2.0-2026 के आयोजन से उत्तर बिहार के हजारों विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय चेतना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
















