लखीसराय : जिले में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं की बहाली को लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस संबंध में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ में डीएम शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक हुई। बैठक में बहाली प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जन वितरण प्रणाली विक्रेता बनने के इच्छुक अभ्यर्थियों से 1 दिसंबर से 7 दिसंबर 2026 तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। आवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा। इसके लिए विशेष टीम गठित की जाएगी, जो अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के नेतृत्व में निरीक्षण की कार्रवाई पूरी करेगी। डीएम ने निर्देश दिया कि स्थलीय जांच की प्रक्रिया हर हाल में 10 दिसंबर तक पूरी कर ली जाए। इसके बाद 11 दिसंबर को प्रशासनिक स्तर पर औपबंधिक मेधा सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। मेधा सूची जारी होने के बाद निर्धारित तिथि से 15 दिनों तक अभ्यर्थियों से दावा-आपत्ति प्राप्त की जाएगी, ताकि किसी भी पात्र आवेदक को अपनी आपत्ति दर्ज कराने का पर्याप्त अवसर मिल सके।

बैठक में जिला अनुकंपा समिति और जिला स्थापना समिति सहित विभिन्न जिला स्तरीय चयन एवं अनुकंपा समितियों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का नियमानुसार निष्पादन करने तथा सभी प्रक्रियाओं में निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता राहुल कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।