लखीसराय : जिले की 25 महिला प्रगतिशील किसानों को कृषि आधारित स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने की पहल की गई है। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), लखीसराय के तत्वावधान में शुक्रवार को सभी चयनित महिला किसानों को चार दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के लिए बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर (भागलपुर) भेजा गया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन और खाद्य परिरक्षण की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ उन्हें कृषि आधारित छोटे उद्यम स्थापित करने के लिए तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है। इसके माध्यम से महिला किसानों को अपनी उपज का बेहतर उपयोग करने, उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने और अतिरिक्त आय अर्जित करने के अवसरों से परिचित कराया जाएगा। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के वैज्ञानिकों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न फसलों के मूल्यवर्धन और खाद्य परिरक्षण से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। महिला किसानों को कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, उनसे मूल्यवर्धित खाद्य सामग्री तैयार करने तथा खाद्य पदार्थों को वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित रखने की विधियां सिखाई जाएंगी।

प्रशिक्षण में उत्पादों की गुणवत्ता और उपयोगिता लंबे समय तक बनाए रखने की तकनीकों पर भी विशेष जोर रहेगा। इससे महिला किसान अपनी उपज को केवल कच्चे उत्पाद के रूप में बेचने के बजाय उससे विभिन्न उपयोगी उत्पाद तैयार कर बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त करने की संभावनाओं को समझ सकेंगी।आत्मा, लखीसराय की ओर से किसानों की क्षमता बढ़ाने और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विशेष रूप से महिला किसानों को प्रसंस्करण, विपणन और कृषि आधारित उद्यमिता का प्रशिक्षण देकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।