पटना का ऐतिहासिक बस स्टैंड होगा बंद, यहां बनेगा 500 कमरे का 5 स्टार ताज होटल
- Post By Admin on May 13 2026
पटना: राजधानी पटना का ऐतिहासिक बांकीपुर बस स्टैंड अब इतिहास बनने जा रहा है। दशकों तक यात्रियों और बसों की आवाजाही से गुलजार रहने वाला यह परिसर जल्द ही एक नए रूप में नजर आएगा। गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक के पास बने 67 साल पुराने इस बस डिपो को हटाकर यहां फाइव स्टार “ताज होटल” का निर्माण किया जाएगा। प्रशासन ने एक महीने के भीतर बस स्टैंड खाली कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
बांकीपुर बस स्टैंड बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) के गठन के साथ वर्ष 1959 में शुरू हुआ था। लगभग 3.5 एकड़ में फैला यह डिपो वर्षों तक पटना और आसपास के जिलों के लिए परिवहन का प्रमुख केंद्र बना रहा। जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड को शिफ्ट करने के लिए जेपी गंगा पथ के किनारे करीब 5 एकड़ भूमि पर नया बस स्टैंड विकसित किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा भूमि का सीमांकन भी किया जा चुका है। BSRTC ने जमीन के औपचारिक आवंटन को लेकर जिला प्रशासन को पत्र भेजा है। फिलहाल सिटी बसों का संचालन मल्टी मॉडल हब और फुलवारीशरीफ डिपो से किया जाएगा, जबकि बैरिया स्थित ISBT से निजी बसों का परिचालन जारी रहेगा। कुछ सरकारी बसों को भी वहां से चलाने की योजना बनाई गई है।
बांकीपुर बस स्टैंड की जमीन पर बनने वाले फाइव स्टार “ताज होटल” के लिए बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड और सारगा होटल प्राइवेट लिमिटेड के बीच PPP मॉडल पर समझौता हो चुका है। होटल का निर्माण इंडियन होटल समूह द्वारा किया जाएगा। परियोजना के तहत 500 कमरों वाले लग्जरी होटल का निर्माण होगा। पहले चरण में 350 कमरे और दूसरे चरण में 150 कमरे बनाए जाएंगे। लक्ष्य है कि जनवरी 2030 तक होटल का संचालन शुरू कर दिया जाए। पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बेहतर होटल और आधुनिक सुविधाओं की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
बांकीपुर की यह जगह होटल निर्माण के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि एक तरफ गंगा नदी और दूसरी ओर गांधी मैदान स्थित है। वहीं सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर के नजदीक होने से इसकी उपयोगिता और बढ़ जाती है।