मुजफ्फरपुर में नरेश नीरव की दो पुस्तकों का हुआ लोकार्पण, साहित्यकारों ने सराही रचनात्मकता
- Post By Admin on May 13 2026
मुजफ्फरपुर: स्थानीय छोटी कल्याणी स्थित एक होटल के सभागार में साहित्यकार नरेश नीरव द्वारा रचित एवं समीक्षा प्रकाशन द्वारा प्रकाशित वैचारिक निबंध संग्रह “समिटि समिटि जल भरहीं तलावा” तथा काव्य संग्रह “चलते समय के आस पास” का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकारों, शिक्षाविदों एवं प्राध्यापकों की बड़ी उपस्थिति रही।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए डॉ. रिपुसुदन श्रीवास्तव ने कहा कि नरेश नीरव का रचना संसार काफी व्यापक है। उन्होंने कहा कि गद्य और पद्य दोनों विधाओं में लिखी गई उनकी ये कृतियां समय सापेक्ष और समाज के लिए प्रासंगिक हैं। डॉ. रामप्रवेश सिंह ने कहा कि नीरव जी की रचनाएं मानवीय संवेदनाओं को गहराई से स्पर्श करती हैं। वहीं डॉ. रवींद्र उपाध्याय ने कहा कि काव्य संग्रह में समय की पीड़ा और सामाजिक विद्रूपताओं को प्रभावशाली ढंग से उकेरा गया है।
डॉ. संजय पंकज ने कहा कि नीरव जी की कविताएं मूल्य और मनुष्यता के पक्ष में खड़ी होकर समय से संवाद करती हैं। डॉ. रामेश्वर द्विवेदी ने उनकी रचनाओं की भाषा, शिल्प और साहित्यिक सौंदर्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में डॉ. के.के. सिन्हा, प्रणय कुमार, शिव प्रसाद सिंह भारत, विनोद कुमार सिंह एवं अनामिका सिंह सहित कई साहित्यकारों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में स्वागत भाषण नरेश नीरव ने दिया, जबकि मंच संचालन डॉ. पंकज कर्ण ने किया। अंत में समीक्षा प्रकाशन के निदेशक डॉ. राजीव कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सतीश कुमार, संतोष सिंह सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।