पटना : प्यार के वादे भी न काफ़ी गहरे होते हैं और इसी वादे में फंस कर नाबालिग बच्चें आए दिन घर से भाग जाते हैं । ऐसा ही एक नया मामला पटना से सामने आया है जहां एक नाबालिग प्रेमी युगल हवाई जहाज से मुंबई भागने की फिराक में थे। फ्लाइट पकड़ने के लिए वे पटना एयरपोर्ट तक पहुंच भी गए। लेकिन इसकी भनक प्रेमी के घरवालों को लग गई फिर होना क्या था उन्होंने तुरंत इसकी खबर पुलिस को कर दी। जानकारी मिलने के बाद आनन-फानन में पुलिस की टीम ने त्वरित कार्यवाही कर जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका को पकड़ लिया।

पुलिसिया पूछताछ के बाद दोनों को उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया है। दोनों पटना के बाहर के रहने वाले हैं। हवाई अड्डा थानेदार विनोद पीटर ने के मुताबिक दोनों नाबालिग बाहर जाने के लिए घर से भाग कर यहां पहुंचे थे। उनके परिजनों को बुलाकर उन्हें सौंप दिया गया है। पूछताछ में पता चला कि नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका शादी करने की नीयत से घर से भाग रहे थे। प्रेमी ने अपने प्रेमिका के संग भागने के लिए ही ऑनलाइन इंडिगो का टिकट बुक करवाया था। हालांकि वो इसमें कामयाब न हो सके ।

जब दोनों घर से फरार हुए तो इसकी भनक किशोर के पिता को लग गई। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना हवाई अड्डा की पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों को हवाई अड्डा मुख्य गेट पर ही पकड़ लिया।