पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की पुण्यतिथि पर पर्यावरण भारती का वृक्षारोपण अभियान, ‘त्रिदेव’ के पौधे लगाए
- Post By Admin on Jul 08 2026
पटना : पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की पुण्यतिथि के अवसर पर पर्यावरण भारती की ओर से पटना के राजेंद्र नगर स्थित शाखा मैदान में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के तहत पीपल, बरगद और पाकड़ (त्रिदेव) के पौधे लगाए गए। वृक्षारोपण अभियान का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी संजीव कश्यप ने किया, जबकि इसमें प्रो. विनय सिंह (बिहारी भैया) ने सहयोग किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक एवं अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली के सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पर्यावरण जल, जमीन, जंगल, जानवर और जन (मानव) के समन्वय से बनता है। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और अंधाधुंध वृक्षों की कटाई के कारण पर्यावरण असंतुलन और ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याएं गंभीर होती जा रही हैं। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने घर के आसपास कम से कम 10 पौधे लगाने और उनकी पांच वर्षों तक देखभाल करने की अपील की। उन्होंने बताया कि पर्यावरण भारती वर्ष 2008 से महापुरुषों की जयंती, पुण्यतिथि और विभिन्न सामाजिक अवसरों पर लगातार वृक्षारोपण अभियान चला रही है। अब तक संस्था की ओर से 1,24,153 पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा। राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए ऑक्सीजन, छाया, औषधि, फल, फूल और लकड़ी जैसे अमूल्य संसाधन उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने लोगों से हरे-भरे पेड़ों की सुरक्षा करने और केवल सूखे पेड़ों की कटाई करने की अपील की। साथ ही उन्होंने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की आवश्यकता पर बल दिया।
उत्तर-पूर्व क्षेत्र कार्यवाह डॉ. मोहन सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय राजनीति में सादगी, वैचारिक प्रतिबद्धता और सिद्धांतों की राजनीति का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि उनकी पुण्यतिथि पर त्रिदेव के पौधों का रोपण उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में डॉ. मोहन सिंह, राम बिलास शाण्डिल्य, संजीव कश्यप, प्रो. विनय सिंह (बिहारी भैया), अभय कुमार सिंह, रूपेश शर्मा, अंजनी कुमार, अनिल ठाकुर, श्याम राय, नीरज नयन, गोपाल कुमार, रोहित कुमार, अक्षत राज सहित कई पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लिया।