पीएम-अजय योजना के तहत लखीसराय के 20 गांवों के समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार
- Post By Admin on Jul 08 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में केंद्र प्रायोजित प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) के तहत जिला स्तरीय योजना मूल्यांकन-सह-अभिसरण समिति की कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं चयनित गांवों के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य उन गांवों का समग्र एवं एकीकृत विकास सुनिश्चित करना है, जहां अनुसूचित जाति की आबादी 40 प्रतिशत या उससे अधिक है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से इन गांवों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि योजना के तहत पेयजल एवं स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण सड़क एवं आवास, विद्युत एवं ईंधन, कृषि विकास, वित्तीय समावेशन, डिजिटलीकरण, आजीविका एवं कौशल विकास सहित 10 प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष कार्य किया जाएगा। जिले में इस योजना के लिए 20 गांवों का चयन किया गया है। इनमें बड़हिया प्रखंड के कल्याणपुर, चानन प्रखंड के महेशपुर, गुलनी और रमाल बिगहा, हलसी प्रखंड के बहछा, पिपरा, मोहिया और हरेवा, लखीसराय प्रखंड के गंगटा, दरियापुर और चकताही, पिपरिया प्रखंड के बेलथुआ, सुरजीचक तथा सूर्यगढ़ा प्रखंड के अबगिल चक, खुदीवन, गौसाबाद, लक्ष्मीपुर, जोगपुर, आराजी मझीआवा और जापानी गांव शामिल हैं।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि चयनित गांवों में विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रभावी अभिसरण सुनिश्चित करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि ग्रामीणों को सभी मूलभूत सुविधाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिल सके। बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी अश्विनी कुमार चौबे, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे।