मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना पूरी तरह ऑनलाइन, अब घर बैठे कर सकेंगे आवेदन
- Post By Admin on Jul 08 2026
मुजफ्फरपुर : मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल कर दिया गया है। अब पात्र छात्र-छात्राओं को आवेदन के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे। राज्य सरकार ने ऑफलाइन आवेदन व्यवस्था समाप्त करते हुए केवल ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था लागू कर दी है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी प्रियंका कुमारी ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार अब योजना के तहत केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी भ्रम में न रहें और निर्धारित पोर्टल के माध्यम से ही आवेदन करें। उन्होंने बताया कि यह योजना मुस्लिम, सिख, जैन, पारसी, बौद्ध एवं ईसाई समुदाय के पात्र विद्यार्थियों के लिए संचालित है। योजना के तहत बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से मैट्रिक अथवा फोकानिया परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण विद्यार्थियों को 10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं इंटरमीडिएट अथवा मौलवी परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्राओं को 15 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी।
प्रियंका कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाने के लिए लगातार डिजिटलीकरण को बढ़ावा दे रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना की आवेदन प्रक्रिया को भी पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है। इससे विद्यार्थियों का समय बचेगा, अनावश्यक भागदौड़ समाप्त होगी और आवेदन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि आवेदन केवल अधिकृत पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।