किऊल स्टेशन पर ऑपरेशन सतर्क की कार्यवाही, शरीर में शराब बांधकर ले जा रहा तस्कर गिरफ्तार

  • Post By Admin on Feb 05 2026
किऊल स्टेशन पर ऑपरेशन सतर्क की कार्यवाही, शरीर में शराब बांधकर ले जा रहा तस्कर गिरफ्तार

लखीसराय: किऊल रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गश्ती के दौरान एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जो अपने शरीर में अंग्रेजी शराब बांधकर ट्रेन से उतर रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 फरवरी 2026 को किऊल स्टेशन पर निरीक्षक प्रभारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान ट्रेन संख्या 18183 से प्लेटफार्म संख्या तीन पर उतरे एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। संदेह के आधार पर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके शरीर से शराब बरामद हुई। जांच में सामने आया कि युवक ने झोलानुमा कपड़े के सहारे अपने शरीर में ऑफिसर चॉइस ब्रांड की अंग्रेजी व्हिस्की छिपा रखी थी। मौके पर वीडियोग्राफी करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया और शराब जब्त की गई। गिरफ्तार युवक ने अपना नाम मुकेश कुमार यादव, उम्र 25 वर्ष, पिता मनोज यादव, ग्राम आदमपुर, थाना दर्वे भदौर, जिला पटना बताया।

आरपीएफ के अनुसार युवक के पास से कुल 54 टेट्रा पैक ऑफिसर चॉइस व्हिस्की बरामद की गई। प्रत्येक पैक की मात्रा 180 एमएल बताई गई है। कुल बरामद शराब की मात्रा 9.72 लीटर आंकी गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 7560 रुपये बताई जा रही है। पैकों पर सेल इन बंगाल अंकित पाया गया, जिससे तस्करी की आशंका और गहराई। मौके पर मौजूद यात्रियों से गवाह बनने का आग्रह किया गया, लेकिन कानूनी प्रक्रिया में उलझने से इनकार करते हुए यात्रियों ने गवाही देने से मना कर दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद आरपीएफ कर्मियों को ही गवाह बनाते हुए जब्ती सूची तैयार की गई। गिरफ्तारी की सूचना अभियुक्त के परिजनों को दी गई। इसके बाद सहायक उपनिरीक्षक मदन मोहन सिंह द्वारा लिखित शिकायत के साथ जब्त शराब और गिरफ्तार आरोपी को राजकीय रेल थाना किऊल को सौंप दिया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्यवाही को पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क के तहत महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। छापामार दल में निरीक्षक प्रशांत कुमार, सहायक उपनिरीक्षक मदन मोहन सिंह, आरक्षी रवि शंकर कुमार और आरक्षी धर्मेंद्र कुमार शामिल थे।