बिहार का यह जंक्शन बनेगा मॉडल स्टेशन, संसद में गूंजा बिहार के 98 स्टेशनों के कायाकल्प का मुद्दा
- Post By Admin on Feb 05 2026
नई दिल्ली : बिहार के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास को लेकर संसद में सारण से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने लोकसभा में सवाल उठाया। उनके तारांकित प्रश्न के उत्तर में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बिहार में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी सदन को दी।
रेल मंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में बिहार के चार रेलवे जोनों के लिए कुल ₹1,828 करोड़ का आवंटन किया गया है, जिसमें से दिसंबर 2025 तक ₹1,451 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत बिहार के कुल 98 रेलवे स्टेशनों का चयन किया गया है, जिनमें सारण जिले के छपरा जंक्शन, सोनपुर, दिघवारा, एकमा और मशरख स्टेशन शामिल हैं।
मंत्री के अनुसार, छपरा जंक्शन पर यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए जा चुके हैं। इनमें आधुनिक प्रतीक्षालय, शौचालय, प्लेटफॉर्म शेल्टर, ऊपरी पैदल पुल, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग सुविधा, इलेक्ट्रॉनिक सूचना बोर्ड, लिफ्ट, प्लेटफॉर्म विस्तार और सतह सुधार शामिल हैं। इसके अलावा दूसरे प्रवेश द्वार का विकास, पार्सल कार्यालय और गोदाम के उन्नयन के साथ-साथ यंत्रीकृत लॉन्ड्री की क्षमता बढ़ाने का कार्य भी प्रगति पर है।
सदन के बाहर मीडिया से बातचीत में सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि छपरा रेल मंडल व्यावसायिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में मंडल की कुल आय ₹1,321.99 करोड़ रही, जिसमें लगभग 38 प्रतिशत आय माल यातायात से और करीब 55 प्रतिशत आय यात्री यातायात से प्राप्त हुई।
रूडी ने कहा कि स्टेशन पुनर्विकास परियोजना से न केवल यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि इससे सारण जिले की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी और रेलवे के राजस्व में निरंतर बढ़ोतरी होगी।