श्रावणी मेले में नित्यानंद राय ने संभाली सेवा की कमान, बोले—‘सेवा ही शिव की सच्ची साधना’

  • Post By Admin on Aug 09 2026
श्रावणी मेले में नित्यानंद राय ने संभाली सेवा की कमान, बोले—‘सेवा ही शिव की सच्ची साधना’

बांका : श्रावणी मेले के पावन अवसर पर कांवरिया पथ स्थित टोना पाथर, कटोरिया (बांका) में बोल बम सेवा समिति द्वारा लगाए गए सेवा शिविर में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय पहुंचे और बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए जा रहे कांवरिया श्रद्धालुओं की सेवा की।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने शिविर में ठहरे श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सेवा कार्य में जुटे समिति के कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन भी किया तथा कई कांवरिया भक्तों की व्यक्तिगत रूप से सेवा कर सेवा और समर्पण का संदेश दिया। नित्यानंद राय ने कहा कि श्रावणी मेला केवल आस्था और भक्ति का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का भी महापर्व है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले लाखों शिवभक्तों की सेवा करना अपने आप में पुण्य का कार्य है और सेवा ही भगवान शिव की सच्ची साधना है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांवरियों की सेवा में सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं और स्थानीय लोग जिस प्रकार दिन-रात समर्पित भाव से जुटे हुए हैं, वह बिहार की सेवा भावना और सनातन संस्कृति की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत करता है। उन्होंने बोल बम सेवा समिति के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी, बारिश और कठिन यात्रा के बावजूद श्रद्धालुओं की सुविधा और सहायता के लिए उनका समर्पण अत्यंत प्रेरणादायी है। नित्यानंद राय ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था के साथ उनकी सुविधा और सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रशासन, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों की सहभागिता से कांवरिया पथ पर सेवा का अभियान और अधिक प्रभावी बन रहा है।

कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य प्रदान करें तथा बिहार और देश को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने की शक्ति दें।