मुंगेर : बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (BSUSC) द्वारा वर्ष 2020 में प्रकाशित विज्ञापन के तहत चयनित होकर मुंगेर विश्वविद्यालय के अंगीभूत महाविद्यालयों में नियुक्त हुए सहायक प्राध्यापकों के अनुभव प्रमाण-पत्रों की प्रामाणिकता पर सवाल खड़े हो गए हैं। नियुक्ति प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए अनुभव प्रमाण-पत्रों को लेकर लोकभवन को कई शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कुलाधिपति महोदय ने प्रमाण-पत्रों के सत्यापन का निर्देश दिया है, जिसके आलोक में मुंगेर विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है।
लोकभवन सचिवालय से 30 अक्टूबर 2026 को प्राप्त पत्र के संदर्भ में मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने 4 नवंबर 2026 को सभी अंगीभूत महाविद्यालयों के प्राचार्यों और प्रभारी प्राचार्यों को एक अतिआवश्यक पत्र जारी किया है। कुलपति के आदेशानुसार जारी इस पत्र में निर्देश दिया गया है कि अनुभव प्रमाण-पत्र के आधार पर चयनित सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सूक्ष्म सत्यापन किया जाए। यह सत्यापन प्रक्रिया शिक्षा विभाग के सचिव द्वारा 20 जनवरी 2025 को जारी पत्र में निर्धारित बिंदुओं और विहित प्रपत्र के अनुरूप की जानी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी कॉलेज प्राचार्यों को स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वे सत्यापन के पश्चात स्पष्ट प्रतिवेदन और अभ्यर्थियों द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों की छायाप्रति आगामी 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से कुलसचिव कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इस रिपोर्ट के आधार पर ही विश्वविद्यालय द्वारा लोकभवन सचिवालय को अनुपालन प्रतिवेदन भेजा जाएगा।
कुलसचिव ने अपने आदेश में यह भी चेतावनी दी है कि अनुभव प्रमाण-पत्रों की जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की ढिलाई बरती जाती है, तो इसके लिए संबंधित प्रधानाचार्य, प्रभारी प्राचार्य और अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार माने जाएंगे। साथ ही, कॉलेज स्तर से सभी संबंधित सहायक प्राध्यापकों को भी इस आदेश की प्रति उपलब्ध कराने और सूचित करने का निर्देश दिया गया है।




















