लखीसराय : मद्य निषेध थाना की टीम ने 12 नवंबर को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर शराब के अवैध कारोबार और सेवन के मामलों में कार्रवाई की। इस दौरान कुल 65 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। छापेमारी के दौरान शराब बेचने के आरोप में तीन लोगों को पकड़ा गया, जबकि शराब पीने के आरोप में तीन अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया।
मद्य निषेध थाना की ओर से जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार, किऊल थाना क्षेत्र के हादा मोड़ पर कार्रवाई के दौरान सौरव कुमार और धर्विन कुमार को पकड़ा गया। दोनों पर चुलाई शराब बेचने का आरोप है। इनके पास से 60 लीटर चुलाई शराब और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। लखीसराय थाना क्षेत्र के संतर मोहल्ला में छापेमारी के दौरान दिलीप पासवान के पास से 4.250 लीटर चुलाई शराब बरामद हुई। उसे शराब बेचने के आरोप में पकड़ा गया। इसी स्थान से गाजो यादव को शराब पीने के आरोप में हिरासत में लिया गया।
वहीं, बड़हिया में उत्पाद थाना के समीप कार्रवाई के दौरान रोहित कुमार के पास से 750 मिलीलीटर चुलाई शराब बरामद की गई। उसे शराब बेचने के आरोप में पकड़ा गया, जबकि रंजित राम को शराब पीने के आरोप में हिरासत में लिया गया। इसके अलावा कजरा थाना क्षेत्र के चम्पानगर में कैलाश कुमार को शराब पीने के आरोप में पकड़ा गया। मद्य निषेध थाना की टीम ने सभी मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की।
















