मुजफ्फरपुर : बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने छठ महापर्व के अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार और शुभचिंतकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठ को बिहार की सांस्कृतिक चेतना का ऐसा जीवंत दर्शन बताया, जिसमें पवित्रता, सहनशीलता, प्रकृति के प्रति श्रद्धा और सामूहिक कृतज्ञता की भावना समाहित है।

कुलपति ने कहा कि छठ का कठोर व्रत, सूर्य देव और छठी मैया को अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा तथा तन, मन और परिवेश की शुद्धता का आग्रह अपने आप में एक सभ्यतागत शिक्षा है। उनके अनुसार, यह पर्व सिखाता है कि अनुशासन के बिना ज्ञान अधूरा है और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता के बिना विकास का कोई सार्थक अर्थ नहीं है। चार दिवसीय छठ पर्व को संस्थागत आत्मचिंतन का अवसर बताते हुए प्रो. राय ने कहा कि संध्या और प्रातःकाल, दोनों समय सूर्य की उपासना हमें निरंतरता, विनम्रता और समाज के प्रति जिम्मेदारी के साथ ज्ञान साधना करने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने पर्व के सामाजिक और पर्यावरणीय महत्व पर भी प्रकाश डाला। कहा कि छठ परिवार, समाज और प्रकृति को एक सूत्र में जोड़ता है। इस अवसर पर दूर-दराज में रहने वाले परिवार के सदस्य घर लौटते हैं, पड़ोसी और मित्र मिलकर घाटों की सफाई करते हैं तथा प्रसाद की तैयारी में सहयोग करते हैं। समाज के सभी वर्गों के लोग एक साथ घाट पर पहुंचकर सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं।

कुलपति ने उम्मीद जताई कि छठ पर्व की आध्यात्मिक ऊर्जा विश्वविद्यालय में शोध, विद्वत्ता और शैक्षणिक उत्कृष्टता को नई दिशा देने की प्रेरणा बनेगी। इस अवसर पर प्रो. बीएस राय, प्रो. कनुप्रिया, प्रो. राजीव कुमार, प्रो. नवेदुल हक, डॉ. नवीन कुमार सहित अन्य लोगों ने भी छठ की शुभकामनाएं दीं।